दिल्ली: विदेश मंत्री सुषमा स्वराज आज जापान के तीन दिवसीय दौरे पर रवाना हो गईं। सुषमा अपने जापानी समकक्ष तारो कानो के साथ 9वीं भारत-जापान रणनीतिक वार्ता की सह-अध्यक्ष करेंगी। विदेश मामलों के मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट किया, ‘‘जापान के साथ हमारी विशेष सामरिक और वैश्विक भागीदारी मजबूत करने के लिए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज टोक्यो में 9वीं भारत-जापान विदेश मंत्री सामरिक वार्ता के लिए जापान के तीन दिवसीय दौरे पर रवाना।’’
भारत और जापान गुरुवार को होने वाली सामरिक वार्ता के दौरान द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे और साझा हित वाले क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जापान यात्रा के दौरान भारत-जापान के बीच द्विपक्षीय संबंध विशेष रणनीतिक और वैश्विक भागीदारी से ऊपर उठके बाद से और अधिक प्रगाढ़ हो गए हैं।
पिछले साल सितंबर में वार्षिक द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन के लिए जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे की भारत यात्रा ने इन संबंधों को नई ऊर्जा दी है। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘जापान बुनियादी ढांचा परियोजनाओं, निर्माण, वित्तीय बाजार और क्षमता-निर्माण जैसे क्षेत्रों में अपनी बढ़ती उपस्थिति के साथ आज भारत के सबसे बड़े निवेशकों में से एक है।’’
Discover more from Satyam Live
Subscribe to get the latest posts sent to your email.