संवाददाता, गाजियाबाद: Sardar Patel Jayanti 2025
सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती 2025 के अवसर पर रविवार को मोहननगर स्थित पटेल उद्यान में सरदार पटेल सेवा संस्थान की ओर से भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
मोहननगर में बनेगी ‘पटेल धर्मशाला’
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उत्तर प्रदेश के एमएसएमई मंत्री राकेश सचान ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में उन्होंने घोषणा की कि संस्थान को आवंटित भूमि पर एक ‘पटेल धर्मशाला’ का निर्माण कराया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को सामाजिक व सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए एक उपयुक्त स्थल मिल सकेगा।
मंत्री की घोषणा से उपस्थित जनसमूह में उत्साह की लहर दौड़ गई। कई लोगों ने मौके पर ही धर्मशाला निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग की घोषणा की, जिससे इस परियोजना के शीघ्र शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।

“सरदार पटेल की दूरदृष्टि ने भारत को एकता के सूत्र में बांधा” – राकेश सचान
मंत्री ने कहा, “आज का भारत सरदार पटेल की दूरदृष्टि और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने 562 रियासतों को जोड़कर एक भारत का निर्माण किया। हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए देश की एकता और प्रगति को बनाए रखना है।”
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनें। मंत्री ने कहा कि एमएसएमई विभाग की विभिन्न योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर और उद्यमशील बनने का अवसर प्रदान करती हैं।
गणमान्य लोगों की मौजूदगी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
कार्यक्रम में राजेंद्र वर्मा, हरिश्चंद्र पटेल सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे, जिन्होंने मंत्री के प्रयासों की सराहना की।
संस्थान के पदाधिकारी रमापति चौधरी (अध्यक्ष), बृजभान सिंह (महासचिव), संतोष उमराव (उपाध्यक्ष), राजकुमार पटेल, सेवानिवृत्त आईएएस कल्याण सिंह, हरीश चंद्र पटेल, प्रदीप कुमार, अजय पटेल, सुभाष वर्मा, नंदलाल पटेल और अन्य समाजसेवी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बच्चों ने देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। अंत में मंत्री राकेश सचान को संस्थान की ओर से स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
पटेल धर्मशाला बनेगी सामाजिक एकजुटता का प्रतीक
संस्थान के पदाधिकारियों ने कहा कि मंत्री की यह घोषणा मोहननगर में सामाजिक एकता और सहयोग की नई दिशा देगी। पटेल धर्मशाला का निर्माण स्थानीय समुदाय के लिए एक ऐतिहासिक और जनहितकारी कदम साबित होगा।





















