शामली: उत्तर प्रदेश के शामली में बुधवार को हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई। अंकित अपनी दबंग छवि और देसी अंदाज वाले गानों के लिए जाने जाते थे। उन्हें खास पहचान दिलाने वाले गीत ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान…’ ने उनके करियर को नई ऊंचाई दी थी।
अंकित के गानों में अक्सर हथियार, गोलियां, लड़ाई, एसयूवी और दबंग अंदाज से जुड़े दृश्य नजर आते थे। उनकी यही शैली युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हुई। लेकिन उनकी हत्या से कुछ घंटे पहले सोशल मीडिया पर किया गया एक पोस्ट अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
हत्या से दो घंटे पहले पोस्ट किया था ‘मर्डर’ गाना
बताया जा रहा है कि अंकित बालियान ने हत्या से करीब दो घंटे पहले अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ‘मर्डर’ नाम का एक गाना पोस्ट किया था। इसके बोल थे—‘मर्डर मार दे सड़क के ऊपर’।
यह गाना पिछले महीने रिलीज हुए उनके एलबम ‘बेबी बदमाश’ का हिस्सा था। संयोग यह रहा कि गाना पोस्ट किए जाने के कुछ ही समय बाद अंकित की सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी गई।
‘भरी कोर्ट में गोली…’ ने बदल दी थी किस्मत
अंकित बालियान के करियर में ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान…’ गीत को बड़ा टर्निंग पॉइंट माना जाता है। इस गाने को यूट्यूब पर करीब 5.4 करोड़ व्यूज मिलने की रिपोर्ट है।
गाने की लोकप्रियता के बाद अंकित की पहचान सिर्फ हरियाणा तक सीमित नहीं रही। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में भी हरियाणवी संगीत पसंद करने वाले लोगों के बीच उनका नाम तेजी से लोकप्रिय हुआ।
यह उनके शुरुआती चर्चित गीतों में शामिल था और इसी के बाद अंकित ने हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनानी शुरू की।
देसी अंदाज और दबंग तेवर थे पहचान
अंकित बालियान के गानों की सबसे बड़ी खासियत उनका देसी अंदाज, जाट संस्कृति, ग्रामीण पृष्ठभूमि और युवा तेवर था। उनके म्यूजिक वीडियो में हरियाणवी जीवनशैली के साथ दबंग छवि और हथियारों को भी प्रमुखता से दिखाया जाता था।
उनके चर्चित गीतों में ‘112 एनई’, ‘गोली के बारूद’, ‘जाट-जाटनी’, ‘अगला जनम जाट’, ‘सविधान’, ‘मोदी बरगा रुतबा’, ‘एक खटोला जेल के भीतर’, ‘वेट’, ‘सिस्टम’ और ‘राइफलें’ शामिल हैं। इसके अलावा ‘बॉडी बिल्डर’ और ‘पीटीआई’ जैसे गाने भी उनके लोकप्रिय गीतों में गिने जाते हैं।
अंकित के गानों में समकालीन हरियाणवी पॉप म्यूजिक की देसी पहचान और युवाओं से जुड़ा आक्रामक तेवर साफ नजर आता था। यही अंदाज धीरे-धीरे उनकी पहचान और लोकप्रियता का बड़ा हिस्सा बन गया।
सरेराह हत्या के बाद कई सवाल
अंकित बालियान की सरेराह गोली मारकर हत्या के बाद उनके पुराने गानों और सोशल मीडिया पोस्ट की चर्चा तेज हो गई है। खास तौर पर हत्या से कुछ घंटे पहले पोस्ट किए गए ‘मर्डर’ गाने ने लोगों का ध्यान खींचा है।
हालांकि, इस पोस्ट और हत्या के बीच किसी तरह का सीधा संबंध है या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की वजह तथा आरोपियों का पता लगाने की कोशिश जारी है।


























