योगेश कुमार सोनी | पूर्वी दिल्ली। दिल्ली के पेपर मार्केट में अवैध पार्किंग के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 12 बसों के चालान किए। इन बसों को अनुचित तरीके से पार्क किया गया था। पुलिस के अनुसार, संबंधित बस चालकों को पहले भी कई बार उक्त स्थान पर बसें खड़ी नहीं करने की चेतावनी दी जा चुकी थी।
करावल नगर ट्रैफिक सर्कल की टीम ने चलाया अभियान
जानकारी के अनुसार, करावल नगर ट्रैफिक सर्कल (KPC) के ट्रैफिक इंस्पेक्टर के नेतृत्व में एक जोनल ऑफिसर (ZO) और स्थानीय स्टाफ की टीम ने यह विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान पेपर मार्केट में खड़ी 12 बसों के खिलाफ अनुचित पार्किंग और पुलिस के वैध निर्देशों की अवहेलना के मामले में चालान की कार्रवाई की गई।
चेतावनी के बाद भी जारी थी पार्किंग
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, बस चालकों को बार-बार समझाने और चेतावनी देने के बावजूद बसें दोबारा उसी स्थान पर खड़ी की जा रही थीं। इससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। इसी को देखते हुए पुलिस ने सख्ती बरतते हुए संबंधित बसों के खिलाफ कार्रवाई की।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
ट्रैफिक पुलिस का उद्देश्य बाजार क्षेत्र में यातायात को सुचारु बनाए रखना, अनधिकृत पार्किंग पर अंकुश लगाना और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना है।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और पुलिस के वैध निर्देशों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।





















