शहर में जारी सीलिंग की कार्रवाई को लेकर व्यापारियों का आक्रोश अब सड़क पर नजर आने लगा है। मंगलवार को बड़ी संख्या में व्यापारियों ने एकजुट होकर सीलिंग कार्रवाई का विरोध किया। व्यापारियों ने थाली, गिलास और मंजिरे बजाकर अपना विरोध दर्ज कराया और सरकार से कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की।
प्रदर्शन में शामिल सैकड़ों व्यापारी नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़े। व्यापारियों का कहना है कि सीलिंग की कार्रवाई के कारण उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है और लंबे समय से चली आ रही समस्या का अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।
थाली-गिलास बजाकर सरकार तक पहुंचाई आवाज
व्यापारियों ने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराते हुए थाली, गिलास और मंजिरे बजाए। उनका कहना था कि सीलिंग की कार्रवाई से कई दुकानदारों और व्यापारियों के सामने कारोबार बचाने का संकट खड़ा हो गया है। व्यापारियों ने नगर निगम से कार्रवाई वापस लेने और उन्हें राहत देने की मांग की।
प्रदर्शन के बाद व्यापारियों की ओर से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया। इसमें सीलिंग की कार्रवाई रोकने के साथ समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की गई।
मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़े व्यापारी
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी एकजुट होकर नारेबाजी करते हुए नाके पटेल क्षेत्र की ओर पहुंचे और वहां से मुख्यमंत्री निवास की तरफ बढ़ने लगे। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया था।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ व्यापारियों और पुलिसकर्मियों के बीच बहस की स्थिति भी बनी। हालांकि व्यापारी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन पर डटे रहे।
व्यापारियों ने कहा- कई बार उठा चुके हैं मुद्दा
व्यापारियों का कहना है कि सीलिंग से जुड़ी समस्या को लेकर वे पहले भी कई बार प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के सामने अपनी बात रख चुके हैं। उनका आरोप है कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया।
व्यापारियों ने सरकार से मांग की है कि सीलिंग की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए और प्रभावित व्यापारियों की समस्याओं का बातचीत के जरिए स्थायी समाधान निकाला जाए। उनका कहना है कि कार्रवाई से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होने के साथ कई परिवारों की रोजी-रोटी पर भी असर पड़ रहा है।


























