सत्यम् लाइव, 22 मई 2021, दिल्ली।। सीबीएसई और आईसीएसई परिणाम के पश्चात् अब यूपी बोर्ड हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं को भी बिना परीक्षा दिए ही पास करने की तैयारी प्रारम्भ हो चुकी है। उप्र सरकार के गौतम बुध नगर से सभी हाई स्कूल के छात्र छात्राओं के अर्धवार्षिक एवं प्री-बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम शिक्षा विभाग से मांगे हैं। कोरोनावायरस की दूसरी लहर ने जनजीवन को बेहद प्रभावित कर दिया है। जिस संक्रमण का सबसे ज्यादा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ा है।
स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड ने हाई स्कूल की परीक्षाओं को रद्द कर दिया है। जिसके बाद इन बोर्ड के छात्र छात्राओं को पास करने की कवायद चल रही है। इसी क्रम में अब यूपी बोर्ड हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं को भी प्रदेश सरकार की ओर से सौगात मिलने वाली है।
हालांकि अभी प्रदेश सरकार की ओर से यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा को रद्द करने के संबंध में कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। लेकिन जिस प्रकार माध्यमिक शिक्षा विभाग की तैयारियां चल रही है। उसे देखते हुए कयास लगाए जा रहे हैं कि हाई स्कूल के छात्र छात्राओं को इस वर्ष बिना परीक्षा दिए ही कक्षा 11 वीं में प्रोन्नति दे दी जाएगी। क्योंकि प्रदेश सरकार ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को आदेश जारी किए हैं कि वह अपने-अपने जनपद के हाई स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों के अर्धवार्षिक एवं प्री बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम माध्यमिक शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर अपलोड करें।
इसके लिए प्रदेश सरकार की ओर से शुक्रवार को अंतिम तिथि जारी की गई थी। जिसके बाद जनपद गौतम बुद्ध नगर के 153 हाई स्कूल एवं इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले हाई स्कूल के 22432 छात्र-छात्राओं के परिणाम अपलोड कर दिए गए हैं। अधिकारियों ने कथनानुसार शुक्रवार को सभी प्रधानाचार्य के माध्यम से हाई स्कूल के छात्र छात्राओं के अर्धवार्षिक और प्री-बोर्ड परीक्षा परिणाम वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जायेगें।
सुनील शुक्ल





















