सत्यम् लाइव, 2 सितम्बर 2020, दिल्ली।। भोपाल सहित प्रदेश भर के बाजार अब रविवार को भी खुल सकेंगे। लॉकडाउन की वजह से बाजारों की थोक एवं फुटकर दुकानें पिछले पांच माह से रविवार के दिन बंद रखी जा रही थीं, लेकिन अब इस दिन लॉकडाउन नहीं रहेगा। सरकार के बाद कलेक्टर ने भी इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। इससे न्यू मार्केट, बैरागढ़, कोलार, होशंगाबाद रोड आदि बाजारों में कारोबार चमकने की उम्मीद है। दूसरी ओर पुराने शहर के अधिकांश बाजार पहले रविवार को साप्ताहिक अवकाश रखे जाने से बंद रहते थे, लेकिन व्यापारी इस रविवार को बाजार खोलने की बात कह रहे हैं ताकि कोरोना काल में प्रभावित हुए कारोबार की भरपाई की जा सके। हालांकि, लॉकडाउन हटने के साथ ही कोरोना से बचाव के सारे उपाय भी करने होंगे। 25 मार्च से 31 मई तक टोटल लॉकडाउन होने से बाजार बंद रहे। जून में अनलॉक में बाजार खोले गए, लेकिन अब तक प्रत्येक रविवार को लॉकडाउन प्रभावी रहा। इसलिए पांच माह तक रविवार को बाजार बंद ही रहे हैं। ताेे वही रायपुुुर मेें जिला प्रशासन ने इस बार रविवार को अब पूर्ण लॉकडाउन हटाने की तैयारी की है। इसके लिए शुक्रवार तक नई गाइड लाइन जारी हो सकती है। दरअसल केंद्र सरकार के अनलॉक फोर की गाइड लाइन आने के बाद प्रदेश में अब रेस्टोरेंट बार और क्लब खोलने की अनुमति मिल गई है। आदेश आने के बाद मंगलवार को रायपुर में 19 बार और 03 क्लब खोले गए हैं। हालांकि जिला प्रशासन की गाइड लाइन के अनुसार बार और क्लब में हैंड वॉश, फेस मास्क और भीतर जाने वालों की थर्मल स्क्रीनिंग के लिए निर्देश दिए गए हैं। बता दें कि प्रशासन ने एफएल तीन होटल बार, एफएल तीन शॉपिंग मॉल, रेस्टोरेंट बार, एफएल स्टार आदि को शुरू करने की इजाजत दे दी है। प्रशासन के निर्देश के मुताबिक इन जगहों में कैपेसिटी की तुलना में आधे लोगों को ही बैठाया जा सकेगा। सुबह 11ः00 बजे से रात 9ः00 बजे तक ये खुल सकेंगे। रायपुर में रविवार को पूर्णतः लॉक डाउन हटाने के लिए व्यापारियों ने मांग की थी। कोरोना वायरस के संक्रमण लगातार बढ़ने के कारण जिला कलेक्टर ने फिलहाल इस मांग पर कोई फैसला नहीं लिया था। कलेक्टर डॉ. एस. भारती दासन के मुताबिक जल्द ही इस पर फैसला लिया जाएगा।
मंसूर आलम






















