जामताड़ा: नगर पंचायत चुनाव का पर्चा दाखिल की प्रक्रिया और स्क्रूटनी के बाद जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कुल सात उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. जिनमें भाजपा, झामुमो, कांग्रेस और राजद समर्थित प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. इस बार नगर पंचायत चुनाव में मुकाबला काफी दिलचस्प होने की उम्मीद है.
जामताड़ा नगर पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मी काफी बढ़ गई है. खासकर नगर पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी जनसंपर्क अभियान में जुट गए हैं. कुल सात प्रत्याशी अध्यक्ष पद के लिए चुनावी मैदान में हैं और अपनी-अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए पसीना बहाना शुरू कर दिया है. चुनाव मैदान में खड़े सभी प्रत्याशी नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर काबिज होना चाहते हैं, लेकिन जनता का आशीर्वाद किसे मिलेगा यह तो चुनाव परिणाम के बाद ही पता चल पाएगा.
चुनाव मैदान में हैं ये 7 प्रत्याशी
- रीना कुमारी-भाजपा समर्थित प्रत्याशी
- मुक्त मंडल-कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी
- चमेली देवी-झामुमो समर्थित प्रत्याशी
- अमृता यादव-राजद समर्थित प्रत्याशी
- आशा गुप्ता
- बबीता झा-भाजपा नेत्री
- लवली दुबे
मुकाबला काफी दिलचस्प होने की संभावना
अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशियों में मुकाबला काफी दिलचस्प होने की संभावना है. चुनाव मैदान में खड़े सभी सातों प्रत्याशी खुद को दूसरे से कम नहीं आंक रहे हैं. सभी अपनी-अपनी जीत के प्रति आश्वस्त हैं और जीत का दावा भी कर रहे हैं, लेकिन प्रमुख रूप से भाजपा समर्थित प्रत्याशी, कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार और झामुमो समर्थित उम्मीदवार के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना जताई जा रही है. इसमें कौन एक नंबर होगा, कौन दो नंबर होगा और कौन तीन नंबर होगा इसे लेकर अभी से चर्चा शुरू हो गई है.
रीना कुमारी फिर से आजमा रहीं हैं किस्मत
भाजपा समर्थित प्रत्याशी रीना कुमारी फिर से नगर अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए खड़ी हैं. इसके पहले वह नगर पंचायत अध्यक्ष चुनाव जीती थीं. एक बार फिर रीना कु्मारी नगर अध्यक्ष पद पर चुनाव जीतने की दवा कर रही हैं. उनका मानना है कि जनता का आशीर्वाद उनके साथ है और फिर से जनता उन्हें नगर अध्यक्ष चुनेगी. उन्होंने कहा कि जीत के बाद फिर से नगर के विकास को आगे बढ़ाने का काम करेंगी.
आशा गुप्ता ने किया जीत का दावा
एक ओर भाजपा ने जहां अपना समर्थन रीना कुमारी को दिया है, वहीं दूसरी ओर भाजपा नेता तरुण कुमार की पत्नी आशा गुप्ता भी चुनाव मैदान में हैं. आशा गुप्ता ने अपनी जीत का दावा किया है. उन्होंने कहा कि वह स्वच्छ, सुंदर और भयमुक्त जामताड़ा बनाएंगी.
मुक्त मंडल ने भी जनसंपर्क में झोंकी ताकत
वहीं कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी मुक्त मंडल पहले भी चुनाव लड़ चुकी हैं, लेकिन दूसरे स्थान पर रहीं थीं. इस बार फिर से मुक्त मंडल चुनाव मैदान में हैं और अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए जनसंपर्क अभियान चला रही हैं. इसमें कितना सफल होंगी यह तो समय ही बताएगा, लेकिन वह जनता से अपील कर रही हैं कि वह नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर ऐसी महिला प्रत्याशी को चुनें जो बिना बैसाखी के काम कर सकें.
चमेली देवी भी चुनाव मैदान में
इस चुनावी समर में जामताड़ा विधानसभा के पूर्व विधायक विष्णु प्रसाद भैया की पत्नी चमेली देवी भी कूद चुकी हैं और अपने दिवंगत पति के सपने को साकार करने के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज करना चाहती हैं. उनका सपना कितना साकार होगा यह तो वही जाने, लेकिन पूरे जी-जान से चुनाव मैदान में उतर चुकी हैं और जीत का दावा कर रही हैं.चमेली देवी ने कहा कि जामताड़ा शहर को सुंदर बनाना और भय मुक्त बनाना उनकी प्राथमिकता है.
इसके अलावा भाजपा नेत्री बबीता झा, राजद समर्थित प्रत्याशी अमृता यादव और लवली दुबे ने भी चुनाव को लेकर कमर कस ली है. अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए ये तीनों प्रत्याशी भी कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं. कुल मिलाकर देखा जाए तो जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव काफी दिलचस्प होने वाला है और इस मुकाबले में कौन बाजी मारेगी इसका फैसला 27 फरवरी को होगा.






















