बीजेपी जनकल्याण मंच के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी पंडित संतोष मिश्रा ने अपने दोनों पदों से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेजते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में उनके लिए इन पदों पर बने रहना संभव नहीं है।
संगठन के प्रति समर्पण का किया उल्लेख
अपने त्यागपत्र में पंडित संतोष मिश्रा ने कहा कि उन्होंने संगठन को हमेशा परिवार मानकर पूरी निष्ठा, ईमानदारी, समर्पण और निष्काम भाव से कार्य किया। उन्होंने संगठन के विस्तार, जनसेवा और भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही। साथ ही उन्होंने कहा कि संगठन के हित को उन्होंने सदैव अपने व्यक्तिगत हितों से ऊपर रखा।
आत्मसम्मान और सहयोग का उठाया मुद्दा
त्यागपत्र में उन्होंने उल्लेख किया कि वर्तमान परिस्थितियों में उन्हें वह सम्मान, विश्वास और सहयोग प्राप्त नहीं हुआ जिसकी अपेक्षा किसी भी समर्पित कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी को होती है। उनका कहना है कि जहाँ आत्मसम्मान का उचित सम्मान न मिले, वहाँ पूर्ण मनोयोग और समर्पण के साथ कार्य करना कठिन हो जाता है।
व्यक्तिगत कटुता से किया इनकार
पंडित संतोष मिश्रा ने स्पष्ट किया कि उनका यह निर्णय पूरी तरह विचार-विमर्श के बाद लिया गया है। उन्होंने कहा कि उनके इस फैसले के पीछे किसी व्यक्ति या पदाधिकारी के प्रति कोई व्यक्तिगत कटुता या दुर्भावना नहीं है।
आगे भी करेंगे सामाजिक और राष्ट्रहित के कार्य
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि भविष्य में भी वे विभिन्न सामाजिक एवं राष्ट्रवादी संगठनों के माध्यम से राष्ट्रहित, सनातन संस्कृति और भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा के समर्थन में कार्य करते रहेंगे।
संगठन के प्रति जताया आभार
अपने त्यागपत्र के अंत में पंडित संतोष मिश्रा ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष, सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का सहयोग, स्नेह एवं विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने संगठन की निरंतर प्रगति और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नोट: यह समाचार पंडित संतोष मिश्रा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के आधार पर तैयार किया गया है। संगठन की ओर से इस विषय पर आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर समाचार को अद्यतन किया जाएगा.





















