योगेश कुमार सोनी, पूर्वी दिल्ली | राजधानी दिल्ली में रामलीला आयोजनों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस, जोन-1 की ओर से गुरुवार को रामलीला समितियों के पदाधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक दिल्ली पुलिस जीओज मेस, शामनाथ मार्ग, सिविल लाइंस स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में हुई।
बैठक में एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस/ट्रैफिक, डीसीपी ईस्टर्न रेंज, डीसीपी सेंट्रल रेंज, जोन-1 के सभी एसीपी ट्रैफिक, ट्रैफिक इंस्पेक्टर तथा विभिन्न रामलीला समितियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य रामलीला आयोजकों और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर त्योहारों के दौरान सुरक्षित एवं व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करना था, ताकि श्रद्धालुओं और दर्शकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और राजधानी में सामान्य यातायात भी प्रभावित न हो।
‘रामलीला भी चलेगी, दिल्ली भी चलती रहेगी’
बैठक को संबोधित करते हुए एडिशनल सीपी/ट्रैफिक ने स्पष्ट संदेश दिया कि रामलीला का आयोजन पूरे उत्साह और भव्यता के साथ होगा, लेकिन इसके साथ दिल्ली की रफ्तार भी नहीं रुकनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के कारण दैनिक यात्रियों, स्थानीय निवासियों, आपातकालीन सेवाओं और आम जनता को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आयोजकों को पहले से यातायात पुलिस के साथ समन्वय कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी होंगी।
उन्होंने कहा, “रामलीला भी चलेगी, दिल्ली भी चलती रहेगी।” इसके लिए अग्रिम ट्रैफिक प्लानिंग, पार्किंग व्यवस्था, पैदल यात्रियों की सुरक्षा और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इन व्यवस्थाओं पर रहा विशेष जोर
बैठक में रामलीला स्थलों के आसपास यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। प्रमुख सड़कों और जंक्शनों पर यातायात का निर्बाध संचालन, व्यवस्थित पार्किंग, अवैध एवं सड़क पर बेतरतीब पार्किंग की रोकथाम तथा दर्शकों के सुरक्षित प्रवेश और निकास पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
आवश्यकता पड़ने पर पहले से ट्रैफिक डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों की योजना तैयार करने तथा एंबुलेंस, दमकल और अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ते खुले रखने पर भी जोर दिया गया।
रामलीला समितियों से पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती करने की अपील की गई, ताकि पार्किंग व्यवस्था, पैदल यात्रियों के मार्गदर्शन और आम जनता की सुविधा में ट्रैफिक पुलिस का सहयोग किया जा सके।
सड़कों के किनारे अस्थायी स्टॉल, अनधिकृत गतिविधियों, गलत पार्किंग या अन्य किसी प्रकार के अवरोध से यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए भी आयोजकों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया।
स्थानीय स्तर पर बनेगी प्रभावी योजना
बैठक में दोनों डीसीपी ट्रैफिक, सभी एसीपी और ट्रैफिक इंस्पेक्टरों की मौजूदगी से रामलीला समितियों को अपने-अपने क्षेत्रों की स्थानीय यातायात चुनौतियों और आवश्यक व्यवस्थाओं पर सीधे चर्चा का अवसर मिला।
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक रामलीला स्थल की स्थिति के अनुसार अलग-अलग ट्रैफिक प्रबंधन योजना तैयार की जाएगी। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर उपलब्ध पुलिस बल की प्रभावी तैनाती और आयोजकों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जाएगा, ताकि किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके।
आयोजकों और जनता से सहयोग की अपील
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने रामलीला समितियों और आम जनता से अपील की कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें, सड़कों के किनारे अनधिकृत पार्किंग से बचें और ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी यातायात दिशा-निर्देशों का पालन करें।
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया कि धार्मिक आस्था और उत्सव की भव्यता के साथ नागरिकों की सुरक्षा एवं राजधानी की सुचारु यातायात व्यवस्था भी उसकी प्राथमिकता है।
बैठक के माध्यम से दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहार भी पूरे उत्साह से मनेंगे और दिल्ली की रफ्तार भी बनी रहेगी।





















