नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में विकसित भारत की मजबूत नींव रखी जा चुकी है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को साकार करने के लिए तकनीक, नवाचार और मिशन मोड में कार्य करने वाले प्रभावी नेतृत्व को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने तकनीक आधारित सुशासन और नवाचार के माध्यम से देश को विकास की नई दिशा प्रदान की है।
मंत्री श्री ए.के. शर्मा मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित ‘लीडरशिप एज ए मिशन’ (Leadership as a Mission) विषयक राष्ट्रीय कार्यशाला में विशिष्ट अतिथि एवं वक्ता के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, नेतृत्व और प्रशासनिक अनुभवों को साझा करते हुए प्रभावी सुशासन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।
तकनीक आधारित प्रशासन से सुशासन को मिली नई दिशा
मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और तकनीकी नवाचार को प्राथमिकता दी है। इससे सुशासन का एक ऐसा मॉडल विकसित हुआ है, जो देश के विकास कार्यों को गति प्रदान कर रहा है।
उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में प्रधानमंत्री मोदी के शुरुआती प्रशासनिक अनुभवों का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2001 में मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने प्रदेश के अधिकारियों और कर्मचारियों से एक साथ संवाद करने की इच्छा व्यक्त की थी। इसके लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग तकनीक का उपयोग किया गया। उस समय यह प्रशासनिक व्यवस्था में एक अभिनव पहल थी। इससे शासन और प्रशासन के बीच सीधे संवाद, बेहतर समन्वय तथा निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन की शुरुआत हुई।

‘स्वागत’ और ‘प्रगति’ प्रणाली का किया उल्लेख
मंत्री श्री शर्मा ने बताया कि वर्ष 2003 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर गुजरात में ‘स्वागत’ (SWAGAT) नामक तकनीक आधारित जनशिकायत निवारण प्रणाली विकसित की गई। इस व्यवस्था के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे उच्च स्तर पर संज्ञान में लेकर उनके प्रभावी समाधान की व्यवस्था की गई। उन्होंने बताया कि यह प्रणाली आज भी गुजरात के मुख्यमंत्री कार्यालय में संचालित है और लोक सेवा के क्षेत्र में प्रतिष्ठित पुरस्कार भी प्राप्त कर चुकी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने तकनीक को केवल प्रशासनिक सुविधा तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे जनसेवा और सुशासन का प्रभावी माध्यम बनाया। प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने इसी सोच को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाते हुए ‘प्रगति’ (PRAGATI) जैसी महत्वपूर्ण तकनीक आधारित समीक्षा प्रणाली की शुरुआत कराई।
इस प्रणाली के माध्यम से देश की प्रमुख विकास परियोजनाओं, महत्वपूर्ण योजनाओं और लंबित कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा की जाती है। इससे परियोजनाओं की निगरानी, समयबद्ध क्रियान्वयन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूती मिली है।
वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लिए नवाचार जरूरी
मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ना होगा। इसके लिए ऐसे नेतृत्व को प्रोत्साहित करना जरूरी है, जो आधुनिक तकनीक अपनाने, नए प्रयोग करने और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सकारात्मक बदलाव लाने की सोच रखता हो।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व इसी दूरदर्शी सोच का प्रतीक है। उनके मार्गदर्शन में देश डिजिटल तकनीक, नवाचार और सुशासन के माध्यम से विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रभावी नेतृत्व का उद्देश्य
कार्यशाला के दौरान मंत्री श्री शर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों, नीति-निर्धारकों और अन्य प्रतिभागियों से संवाद करते हुए कहा कि प्रभावी नेतृत्व का वास्तविक उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
उन्होंने इसके लिए जनसेवा के प्रति समर्पण, संवेदनशील प्रशासन, समयबद्ध निर्णय लेने और परिणाम आधारित कार्यसंस्कृति को आवश्यक बताया। श्री शर्मा ने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में मिशन मोड नेतृत्व की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए तकनीक, नवाचार और प्रशासनिक सुधारों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
वरिष्ठ नीति-निर्धारक एवं शिक्षाविद रहे उपस्थित
इस राष्ट्रीय कार्यशाला में प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिव डॉ. पी.के. मिश्रा, नीति आयोग के पूर्व सीईओ श्री बी.वी.आर. सुब्रह्मण्यम, नीति आयोग की विशिष्ट फेलो सुश्री देबजानी घोष, आईआईएम अहमदाबाद के प्रोफेसर विशाल गुप्ता सहित अनेक वरिष्ठ नीति-निर्धारक, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






















