लखनऊ, सत्यम् लाइव संवाददाता | स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में उत्तर प्रदेश के शहरों ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की नगरीय स्वच्छता और प्रबंधन व्यवस्था की नई पहचान स्थापित की है। नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शहरों को सम्मानित किया। इस उपलब्धि पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश में हो रहे नगरीय बदलाव, बेहतर प्रबंधन और सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।
मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश के नगर स्वच्छता, सुंदरता और सुव्यवस्थित नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रदेश के शहरों का राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

लखनऊ, वाराणसी और गाजियाबाद ने हासिल की विशेष उपलब्धि
स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में लखनऊ ने देश के तीन सबसे स्वच्छ बड़े शहरों में अपना स्थान बरकरार रखा है। वहीं, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी वाराणसी ने देश के तीन सर्वश्रेष्ठ नदी तटीय नगरों में स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा गाजियाबाद प्रदेश के सबसे स्वच्छ नगर के रूप में उभरा है।
मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि ये उपलब्धियां दर्शाती हैं कि उत्तर प्रदेश के शहर स्वच्छता और नगरीय सुविधाओं के क्षेत्र में राष्ट्रीय मानकों पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। पूर्वांचल से लेकर पश्चिमांचल तक नगरों में स्वच्छता और बेहतर नगरीय व्यवस्था को लेकर किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
सफाई मित्रों और नगर निकाय कर्मचारियों के योगदान को सराहा
मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रदेश के शहरों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किए जाने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल शहरों का नहीं, बल्कि उन लाखों सफाई मित्रों, नगर निगमों, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों के कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के परिश्रम का भी सम्मान है, जिन्होंने अपने समर्पण और प्रतिबद्धता से शहरों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने विशेष रूप से सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शहरों की स्वच्छता के पीछे उनका परिश्रम, सेवा भावना और समर्पण सबसे बड़ी ताकत है।

स्वच्छ भारत मिशन से स्वच्छता बनी जनभागीदारी का अभियान
नगर विकास मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से देश में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है। उनकी प्रेरणा से स्वच्छता अब केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं रह गई है, बल्कि यह जनभागीदारी और नागरिक जिम्मेदारी का विषय बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश सरकार शहरों को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और नागरिकों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग से भी प्रदेश में नगरीय विकास के प्रयासों को गति मिली है।

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और आधुनिक नगरीय सुविधाओं पर जोर
मंत्री श्री शर्मा ने बताया कि प्रदेश के नगरों में स्वच्छता के साथ बेहतर आधारभूत सुविधाओं, आधुनिक नगरीय प्रबंधन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण, स्वच्छ सार्वजनिक स्थलों और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर लगातार काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक नगर को स्वच्छता और सुव्यवस्थित विकास की मिसाल बनाना है, ताकि नागरिकों को स्वच्छ, स्वस्थ और बेहतर जीवन का वातावरण मिल सके।

उपलब्धियों को बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास का आह्वान
मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वच्छता अभियान में भागीदारी निभाने वाले नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी से इन उपलब्धियों को बनाए रखने और भविष्य में स्वच्छता के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय सम्मान समारोह के अवसर पर लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल, प्रमुख सचिव श्री पी. गुरु प्रसाद, सचिव एवं निदेशक नगरीय निकाय श्री अनुज कुमार झा, नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।






















