सत्यम् लाइव 7 अप्रैल 2021, दिल्ली।। आजमगढ़ के एसडीएम सदर गौरव कुमार व सीओ सिटी राजेश तिवारी फोर्स के साथ सुबह 11 बजे शहर में कोरोना गाइडलाइन के अनुपालन कराने निकले। दोनों अधिकारी विभिन्न दुकानों पर पहुंच कर सभी को मास्क लगाने व सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करने की हिदायत दे रहे थे। रास्ते में भी सभी को रोक कर मास्क लगाने को कहते जातेे थे।
पुरानी कोतवाली सराफा मंडी में कारोबारी आशीष गोयल की दुकान पर एसडीएम व सीओ ने कुछ ग्राहकों को बिना मास्क के देखा। जिस पर दोनों अधिकारी दुकान में घुस गए। इसी दौरान सराफा कारोबारी आशीष गोयल से उनकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। व्यापारियों का आरोप है कि एसडीएम व सीओ ने राइफल के कुंदे से हमला कर आशीष गोयल को घायल कर दिया और जबरन घसीटते हुए दुकान से निकाल कर शहर कोतवाली लेकर चले गए। अगल-बगल के व्यापारी विरोध करने सामने आए तो सीओ व एसडीएम ने उनके साथ भी बदसलूकी की। इस पर भड़के व्यापारी भी कोतवाली पहुंच गए और घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
उत्तर प्रदेश के भूतपूर्व मुख्यमंत्री ने इस पर कढी टिप्पणी करते हुए कहा कि ”आजमगढ़ में एक सराफा व्यापारी से मास्क न लगाने पर पुलिस ने जो हाथापाई व बदसलूकी की है, वो निंदनीय है। इससे व्यापारी समाज में आक्रोश फैल गया है। मास्क न लगाने पर जुर्माना वसूलने की जगह मारपीट का अधिकार क्या चुनावों में बिना मास्क की रैली करने वाले स्टार प्रचारक जी ने दिया है।”
व्यापारियों के समर्थन में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी कोतवाली में डेरा डाल दिया। समझौते के प्रयास असफल होने पर चार बजे के लगभग व्यापारियों ने सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस ने लाठीचार्ज कर रास्ता जाम किए लोगों को खदेड़ा भी।
सुनील शुक्ल





















