आगरा। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आगामी दिनों में होली का त्यौहार आने वाला है जिसको हर्षोल्लास से मनाने के लिए देशभर के लोग काफी उत्साहित हो जाते हैं। गुजिया तथा अन्य पकवान बनाने के साथ-साथ त्यौहार की खुशियां एक दूसरे के साथ बांटने के लिए तथा त्यौहार को अपने घर पर मनाने के लिए जनता का आवागमन काफी बढ़ जाता है, जिसमें परिवहन विभाग की एक अहम भूमिका होती है|
देश में जनता का एक काफी बड़ा वर्ग ऐसा है जो त्यौहार की छुट्टी मनाने के लिए अपने घर तक जाने के लिए परिवहन विभाग की बसों पर निर्भर रहता है, जिससे इस त्योहारी सीजन में रोडवेज विभाग की बसों पर जनता की संख्या बढ़ने से काफी दबाव बढ़ जाता है|
इसी विषय पर बातचीत करने के लिए मीडिया द्वारा परिवहन विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री बीपी अग्रवाल से बातचीत की गई जिसमें बीपी अग्रवाल द्वारा यह बताया गया की त्यौहार का सीजन शुरू होने से पहले ही सारी परिवहन विभाग की बसों को चुस्त दुरुस्त कर लिया गया है, तथा सभी स्टाफ जैसे कि कंडक्टर तथा बस के ड्राइवर को पहले से ही नियुक्ति के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का निस्तारण भी करने की विभाग द्वारा व्यवस्था की गई है| श्री अग्रवाल द्वारा यह बताया गया कि आमतौर पर जिन मार्गों पर बसों का संचालन एक निश्चित संख्या में होता है सवारी की तादाद बढ़ाने को लेकर उन मार्गों पर बसों की गिनती बढ़ा दी गई है, ताकि सवारियों को आवागमन में कोई दिक्कत ना हो| रोडवेज विभाग द्वारा अपने सभी कर्मचारियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का भी अवलोकन किया गया है तथा श्री अग्रवाल द्वारा यह भी बताया गया की प्रदेश सरकार द्वारा जारी की गई स्कीम के अनुसार जो भी परिवहन विभाग के ड्राइवर तथा कंडक्टर विभाग द्वारा दिए गए समय को पूर्ण रूप से संचालन तथा निर्वहन करते हुए अपना कार्य अच्छी तरह से निभाएंगे उनको भी सरकार द्वारा अलग से इनाम देने की व्यवस्था की गई है





















