शामली ब्यूरो । उत्तर प्रदेश के शामली जिले में हरियाणवी सिंगर और एक्टर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के आर्यपुरी मोहल्ले में हुई। बताया गया कि अंकित जिम से वर्कआउट करने के बाद अपनी स्कॉर्पियो कार से साथी के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार हमलावरों ने उनकी गाड़ी को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बन गया। परिजनों ने शव को वर्मा मार्केट के सामने रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। मौके पर सीओ सिटी समेत भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
सदर कोतवाली से करीब 500 मीटर दूर वारदात
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सदर कोतवाली से करीब 500 मीटर की दूरी पर हुई। अंकित बालियान शाम के समय आर्यपुरी नाला पटरी क्षेत्र स्थित एक जिम से वर्कआउट करने के बाद स्कॉर्पियो से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान घात लगाए हमलावरों ने उनकी गाड़ी को रोककर गोलियां चला दीं।
पुलिस के अनुसार, हमलावर दो बाइक पर सवार होकर आए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए।
परिजनों ने लगाया जाम, पुलिस पर लापरवाही का आरोप
हत्या की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने शव को बीच बाजार में रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आरोपियों के एनकाउंटर और उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। जाम के कारण पानीपत-खटीमा हाईवे मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ।
स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
‘गोली मारेंगे मेरी जान’ गाने से मिली पहचान
अंकित बालियान शामली जिले के बाबरी थाना क्षेत्र के बनती खेड़ा गांव के रहने वाले थे। वह हरियाणवी संगीत और अभिनय के क्षेत्र में सक्रिय थे।
बताया गया कि वह ‘गोली मारेंगे मेरी जान’ शीर्षक वाले हरियाणवी गाने से सुर्खियों में आए थे। हरियाणा, उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में उनकी अच्छी-खासी पहचान और प्रशंसक थे।
रिपोर्ट के अनुसार, अंकित बालियान अपने गांव बनती खेड़ा में रह रहे थे और आगामी जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहे थे।
हरियाणा से जुड़े विवाद के एंगल पर भी जांच
पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के अनुसार, पुलिस को घटना की सूचना करीब शाम 7 बजे मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू किए।
पुलिस के मुताबिक, मामले में हरियाणा से जुड़े किसी विवाद की बात भी सामने आई है, जिसको लेकर जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि हमलावर दो बाइक पर आए थे और वारदात के बाद बाइक से फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।
















