योगेश कुमार सोनी, पूर्वी दिल्ली। कांवड़ यात्रा के मद्देनज़र दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कांवड़ कैंप संचालकों और श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण से बचने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुचारु यातायात और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में विशेष प्रबंध किए गए हैं।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ियों का प्रवेश प्रतिबंधित
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ यात्रियों और उनके वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। यह निर्णय दिल्ली और उत्तराखंड पुलिस द्वारा जारी संयुक्त ट्रैफिक एडवाइजरी के तहत सुरक्षा कारणों से लिया गया है। पुलिस का कहना है कि एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के कारण पैदल कांवड़ियों और कांवड़ वाहनों के लिए दुर्घटना का गंभीर खतरा हो सकता है।
भजनपुरा ट्रैफिक सर्किल के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा जीटी रोड, सीलमपुर तथा अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यातायात बाधित होने की आशंका को देखते हुए विशेष प्रवर्तन अभियान भी चलाया जा रहा है।
‘निर्धारित स्थानों पर ही लगाएं कांवड़ कैंप’ : टीआई विकास चौधरी
भजनपुरा ट्रैफिक सर्किल के ट्रैफिक इंस्पेक्टर (टीआई) विकास चौधरी ने कांवड़ कैंप संचालित करने वाली समितियों से अपील करते हुए कहा,
विकास चौधरी टीआई (भजनपुरा)
“हमारा क्षेत्र अत्यधिक भीड़भाड़ वाला है। सभी कांवड़ कैंप समितियों से अनुरोध है कि कैंप केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही लगाए जाएं और किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें। इससे श्रद्धालुओं और आम नागरिकों दोनों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।”
डीसीपी ट्रैफिक ने नियमों के पालन की अपील की
डीसीपी ट्रैफिक (ईस्टर्न रेंज) के. रमेश ने कहा,
के.रमेश डीसीपी ट्रैफिक (ईस्टर्न रेंज)
“सभी कांवड़ यात्रियों से अनुरोध है कि वे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उपयोग न करें। यह मार्ग तेज गति वाले वाहनों के लिए है और सुरक्षा की दृष्टि से कांवड़ियों के लिए प्रतिबंधित किया गया है। सभी नागरिक एवं श्रद्धालु ट्रैफिक एडवाइजरी और यातायात नियमों का पालन करें।”
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न मार्गों पर पुलिसकर्मी लगातार तैनात रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
This website uses cookies. By continuing to use this website you are giving consent to cookies being used. Visit our Privacy and Cookie Policy. I Agree