गौतमबुद्ध नगर। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को गौतमबुद्ध नगर के ग्राम कनारसी में भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में आयोजित महान क्रांतिकारी, स्वतंत्रता सेनानी एवं संविधान सभा के सदस्य डॉ. रत्नप्पा कुम्हार की 117वीं जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष एवं कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने डॉ. रत्नप्पा कुम्हार को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।

डॉ. रत्नप्पा कुम्हार का जीवन राष्ट्रसेवा और संघर्ष की मिसाल
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रजापति समाज के बनाए मिट्टी के दीये से हर शुभ कार्य की शुरुआत होती है। ऐसे मेहनतकश, हुनरमंद और गौरवशाली समाज को वह सादर प्रणाम करते हैं।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी, संविधान सभा के सदस्य और सहकारिता आंदोलन के अग्रदूत डॉ. रत्नप्पा कुम्हार का जीवन संघर्ष, समर्पण और राष्ट्रसेवा की प्रेरणादायी मिसाल है। कोल्हापुर के एक साधारण कुम्हार परिवार में जन्म लेने वाले डॉ. कुम्हार ने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई, संविधान निर्माण में योगदान दिया और देश की पहली लोकसभा के सदस्य बने। किसानों को संगठित करने तथा सहकारी चीनी मिल की स्थापना के माध्यम से उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

पीएम विश्वकर्मा योजना से पारंपरिक कारीगरों को मिल रहा प्रोत्साहन
श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर गरीबों, पिछड़ों, वंचितों, शिल्पकारों और पारंपरिक कारीगरों के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। भाजपा का मूल मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ है।
उन्होंने बताया कि इसी भावना के अनुरूप पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत कुम्हार समाज सहित पारंपरिक कारीगरों को जोड़ा गया है। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को औजार खरीदने के लिए 15 हजार रुपये तक की सहायता तथा प्रशिक्षण के दौरान 500 रुपये प्रतिदिन की सहायता प्रदान की जाती है।

कुम्हार कारीगरों को निःशुल्क विद्युत चाक और ऋण-अनुदान की सुविधा
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार पात्र कुम्हार कारीगरों को निःशुल्क विद्युत चालित चाक उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के माध्यम से अपनी इकाई स्थापित करने के इच्छुक लोगों को ऋण एवं अनुदान की सुविधा भी दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि गांवों में मौजूद हुनर को उचित सम्मान मिले और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाया जाए। प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ संदेश को सार्थक बनाने के लिए लोगों को स्थानीय कारीगरों से मिट्टी के दीये और अन्य उत्पाद खरीदने चाहिए। इससे कारीगरों के परिवारों में भी खुशहाली और रोशनी पहुंचेगी।

प्रजापति समाज के बेटे-बेटियों में नेतृत्व की अपार क्षमता: मौर्य
श्री मौर्य ने कहा कि जिस समाज ने देश को डॉ. रत्नप्पा कुम्हार जैसा महान नेतृत्व दिया है, उस समाज के बेटे-बेटियों में भी देश और समाज का नेतृत्व करने की पूरी क्षमता है। उन्होंने कहा कि प्रजापति समाज सहित प्रत्येक समाज को सम्मान और संगठन से लेकर सदन तक उचित भागीदारी मिलनी चाहिए।

अखिलेश यादव से पूछा—पीडीए में प्रजापति समाज की भागीदारी कहां?
उपमुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे पीडीए की बात करते हैं, लेकिन उन्हें बताना चाहिए कि उनके पीडीए में प्रजापति समाज की वास्तविक भागीदारी कितनी है और कहां है?

2027 में हर बूथ पर कमल खिलाने का आह्वान
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों से एकजुट होकर प्रत्येक बूथ पर कमल खिलाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाकर विकास, सुशासन और गरीब कल्याण की यात्रा को और गति देनी है।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर राष्ट्रीय प्रजापति महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सुरेंद्र कुमार प्रजापति, भारत सरकार के राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष श्री लोकेश कुमार प्रजापति, भाजपा पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री नवाब सिंह नागर, हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतगुरु स्वामी चक्रपाणि महाराज, स्वामी पदम नारायणाचार्य महाराज सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






















