नई दिल्ली। अखिल भारतवर्षीय चंद्रवंशी क्षत्रिय महासभा की दिल्ली प्रदेश इकाई के पुनर्गठन एवं नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन के लिए रविवार को रानी सती मंदिर, अंगूरी बाग (लाल किला), नई दिल्ली में एक भव्य संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार के निर्देशन में आयोजित इस बैठक में दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाज के प्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं युवाओं ने भाग लिया।

महापुरुषों को श्रद्धांजलि के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत प्रथम चक्रवर्ती सम्राट महाराज जरासंध तथा चंद्रवंशी समाज के कुलभूषण स्वर्गीय नथुनी प्रसाद के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद लोकतांत्रिक, निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के तहत संगठन के चुनाव संपन्न हुए।
चुनाव प्रक्रिया के उपरांत एडवोकेट राज सिंह चंद्रवंशी को सर्वसम्मति से अखिल भारतवर्षीय चंद्रवंशी क्षत्रिय महासभा, दिल्ली प्रदेश का अध्यक्ष चुना गया।

नई कार्यकारिणी की घोषणा
बैठक में नई प्रदेश कार्यकारिणी का भी विस्तार किया गया। घोषित पदाधिकारियों में—
- दीपक सिंह चंद्रवंशी – महामंत्री
- उद्देश्य सिंह चंद्रवंशी – कोषाध्यक्ष
- राहुल सिंह चंद्रवंशी – सह-कोषाध्यक्ष
- श्रीमती सिंपी सिंह एडवोकेट – दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष, महिला विंग को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं।

वरिष्ठ पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
बैठक का संचालन राष्ट्रीय महामंत्री एवं पांच राज्यों के प्रभारी रणविजय रोशन, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रणजीत चंद्रवंशी तथा राष्ट्रीय मंत्री एवं चुनाव प्रभारी मनोज चंद्रवंशी की देखरेख में किया गया।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र सिंह चंद्रवंशी, पूर्व महामंत्री जय सिंह चंद्रवंशी, वरिष्ठ संरक्षक प्रहलाद बाबू, वरिष्ठ सदस्य जगत नारायण चंद्रवंशी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम निवास चंद्रवंशी, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेश्वर चंद्रवंशी तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीनिवास चंद्रवंशी सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

संगठन विस्तार और सामाजिक एकजुटता पर रहेगा जोर
राष्ट्रीय महामंत्री रणविजय रोशन ने अपने संबोधन में कहा कि महासभा समाज में शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और युवा नेतृत्व को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
वहीं, नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट राज सिंह चंद्रवंशी ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता संगठन का विस्तार, शिक्षा को बढ़ावा देना तथा समाज के सभी वर्गों को एकजुट करना होगी।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीनिवास चंद्रवंशी के धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रहित एवं समाज सेवा के लिए निरंतर कार्य करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।





















