नई दिल्ली स्थित लोटस टेंपल ऑडिटोरियम में प्रिथक फाउंडेशन द्वारा “Odyssey 2026 – Expression of Kindness” का भव्य एवं प्रेरणादायक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, उद्योग, समाजसेवा, प्रशासन तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तित्व, स्वयंसेवकों, कलाकारों एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लेकर करुणा, सहयोग और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं डिजिटल दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। बहाई ऑफिस ऑफ पब्लिक अफेयर्स की निदेशक श्रीमती कार्मेल एम. त्रिपाठी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद प्रिथक फाउंडेशन के अध्यक्ष अभय राज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि दयालुता केवल एक भावना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की सबसे प्रभावशाली शक्ति है। उन्होंने सभी से अपने दैनिक जीवन में करुणा और सेवा की भावना अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान कथक, शास्त्रीय एवं समकालीन नृत्य, संगीत, नाटक तथा बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। प्रत्येक प्रस्तुति ने “Expression of Kindness” की थीम को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हुए प्रेम, सहयोग, सम्मान और मानवीय संवेदनाओं का संदेश दिया।

‘Kindness in Action’ पैनल चर्चा रही आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण “Kindness in Action” विषय पर आयोजित पैनल चर्चा रही। इसमें डॉ. एस.के. सिंह (कुलपति, राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय, कोटा), डॉ. अरुण सचान (मैनेजिंग डायरेक्टर, अमन ड्रग्स प्राइवेट लिमिटेड), रूपेन्दर धनिया (मैनेजर, Accenture India), सुश्री शीतल (प्रधानाचार्य, राजकीय बालिका वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, हरकेश नगर), राज बजोरिया (स्टेट प्रेसिडेंट, विश्व हिन्दू रक्षा एवं संस्थापक, Snapshot Network) तथा श्रीमती कार्मेल एम. त्रिपाठी ने अपने विचार साझा किए।
सभी वक्ताओं ने करुणा, नैतिक नेतृत्व, सामाजिक सहभागिता और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से एक समावेशी एवं संवेदनशील समाज के निर्माण पर बल दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथियों ने भी प्रेरणादायी संबोधन दिए तथा Odyssey 2026 के प्रतिभागियों और स्वयंसेवकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
स्वयंसेवकों की भूमिका रही महत्वपूर्ण
आयोजन की सफलता में प्रिथक फाउंडेशन की समर्पित स्वयंसेवक टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम की योजना, समन्वय, संचालन और सफल क्रियान्वयन में स्वयंसेवकों के समर्पण एवं अथक प्रयासों ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन, राष्ट्रगान, लोटस टेंपल के रात्रि भ्रमण, आपसी संवाद तथा अल्पाहार के साथ हुआ।
प्रिथक फाउंडेशन के बारे में प्रिथक फाउंडेशन शिक्षा, कौशल विकास, सामाजिक समावेशन और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए समर्पित एक सामाजिक संस्था है। संस्था अपनी DigitalShala सहित विभिन्न पहलों के माध्यम से अब तक 21,200 से अधिक लोगों के जीवन को सकारात्मक रूप से प्रभावित कर चुकी है तथा एक करुणामय, समावेशी और सशक्त समाज के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।




















