पूर्वी दिल्ली के जगतपुरी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में एक ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा कर दिया। पुलिस ने पति की गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, जगतपुरी थाना क्षेत्र के राशिद मार्केट से पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी, जिसमें सूचना दी गई कि एक महिला ने कथित तौर पर अपने पति का गला घोंट दिया है। सूचना मिलते ही एसआई हेमंत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां मुस्तकीम उर्फ साहिल (20) बेहोशी की हालत में मिला, जिसे तत्काल डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की मां की शिकायत पर जगतपुरी थाना में एफआईआर संख्या 264/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार सिंह को सौंपी गई।
वैज्ञानिक जांच और पूछताछ से खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण किया, गवाहों के बयान दर्ज किए तथा उपलब्ध सभी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। लगातार पूछताछ के दौरान मृतक की पत्नी अलीशा ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसके पति को उस पर किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने का शक था। इसी संदेह के चलते उसने रात में उसका मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया, जिससे दोनों के बीच तीखी कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने उसके साथ मारपीट की। गुस्से में आकर अलीशा ने पति के सीने पर बैठकर अपने दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
गुरुद्वारे में छिपी थी आरोपी
घटना के कुछ समय बाद मृतक की मां कमरे में पहुंच गई। इसके बाद आरोपी महिला मौके से फरार हो गई और गिरफ्तारी से बचने के लिए एक गुरुद्वारे में जाकर छिप गई। पुलिस टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर उसे गुरुद्वारे से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया दुपट्टा भी बरामद कर उसे साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया है।
कुछ ही घंटों में सुलझा ब्लाइंड मर्डर केस
दिल्ली पुलिस के अनुसार, घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच, साक्ष्यों के गहन विश्लेषण तथा लगातार पूछताछ के चलते कुछ ही घंटों में इस अंधे कत्ल (ब्लाइंड मर्डर केस) का सफल खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल पुलिस सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई पेशेवर, वैज्ञानिक एवं साक्ष्य-आधारित जांच के माध्यम से त्वरित न्याय सुनिश्चित करने की उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है.
योगेश कुमार सोनी | पूर्वी दिल्ली





















