नई दिल्ली, सत्यम् लाइव संवाददाता। भारत मंडपम, प्रगति मैदान, नई दिल्ली में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF-2026) के अंतर्गत उत्तर प्रदेश मंडप का उत्तर प्रदेश के एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा द्वारा विधिवत समापन किया गया। 13 नवंबर से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में उत्तर प्रदेश ने ‘पार्टनर स्टेट’ (सहयोगी राज्य) के रूप में प्रतिभाग किया। इस वर्ष मेले की मुख्य थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई थी।

पारंपरिक उत्पादों और व्यंजनों को वैश्विक बाजार से जोड़ने पर जोर
मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प, स्थानीय उद्यमों, कारीगरों और पारंपरिक व्यंजनों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने में इस प्रकार के व्यापार मेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के आत्मनिर्भर भारत एवं विकसित भारत-2047 के संकल्प तथा मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश निरंतर आर्थिक प्रगति के पथ पर अग्रसर है। प्रदेश सरकार की नीतियों एवं योजनाओं के माध्यम से स्थानीय उत्पादों और स्वाद को नई पहचान मिल रही है तथा उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन के लिए बेहतर अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश मंडप में प्रदेश के विभिन्न जनपदों के उत्पादों, पारंपरिक हस्तशिल्प, कुटीर उद्योगों तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों की विविधता और सामर्थ्य को प्रदर्शित किया गया। एक जनपद-एक उत्पाद (ODOP) जैसी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिली है। इसी तर्ज पर एक जनपद-एक व्यंजन (ODOC) पहल के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक जनपद के प्रसिद्ध पारंपरिक व्यंजन को भी नई पहचान दी जा रही है।

प्रदेश के उद्यमियों ने किया ₹10.5 करोड़ का कारोबार
राज्य मंत्री ने बताया कि इस व्यापार मेले में प्रदेश के उद्यमियों ने ₹10.5 करोड़ का उत्साहजनक कारोबार किया है।
उन्होंने कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला प्रदेश के उद्यमियों एवं व्यापारियों के लिए अपने उत्पादों और व्यंजनों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजनों से उत्पादकों, निवेशकों, निर्यातकों एवं खरीदारों के बीच संपर्क स्थापित होता है, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है।
उन्होंने प्रदेश के उद्यमियों से उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, स्वच्छता, नवाचार एवं आधुनिक तकनीक पर विशेष ध्यान देने तथा वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
राज्य मंत्री ने उत्तर प्रदेश मंडप में प्रतिभाग करने वाले सभी उद्यमियों, कारीगरों, शिल्पकारों, खाद्य उद्यमियों एवं विभागीय अधिकारियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

ODOP और ODOC के 10 उत्कृष्ट प्रदर्शक सम्मानित
समापन समारोह के अवसर पर राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच ODOP तथा पांच ODOC प्रदर्शकों को सम्मानित किया गया।
ODOP श्रेणी में सम्मानित प्रदर्शक:
- प्रशांत प्रोडक्ट्स – अलीगढ़
- मोहम्मद ताबिश – आजमगढ़
- असरार अहमद – वाराणसी
- काब मैन्युफैक्चरर – कानपुर
- आशी चिकन – लखनऊ
ODOC श्रेणी में सम्मानित प्रदर्शक:
- सौरभ गुप्ता – कौशांबी – मंगौरा
- शिव ओम गुप्ता – हरदोई – लड्डू
- चतुर्वेदी स्वीट्स एंड नमकीन – बिजनौर – सोनपापड़ी
- देसी गुड़ देसी शक्कर – मुजफ्फरनगर – गुड़
- वी. श्रीजी मसाला – रायबरेली – मसाला
समापन के अवसर पर संयुक्त आयुक्त उद्योग श्री मनोज कुमार चौरसिया एवं उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिद्धि बागरिया सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।























