मध्य प्रदेश में 19 सितंबर से 5 अक्टूबर तक सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों के जरिए लोगों तक सेवा और जनभागीदारी से जुड़े संदेश पहुंचाए जाएंगे। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘नमो सेवा (अनकही कहानियां)’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
अभियान के लिए प्रत्येक जिले में कम से कम 10 नाट्य टोलियां तैयार की जा रही हैं। ये टीमें अलग-अलग स्थानों पर करीब 30 मिनट की प्रस्तुतियां देंगी।
स्कूल-कॉलेज और बाजारों में होंगी प्रस्तुतियां
‘नमो सेवा’ कार्यक्रम केवल बड़े मंचों तक सीमित नहीं रहेगा। नाट्य टोलियां स्कूल, कॉलेज, ग्राम पंचायत, सामुदायिक केंद्र, हाट-बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करेंगी।
जिला स्तर पर इन प्रस्तुतियों का कार्यक्रम और स्थान तय किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक अभियान का संदेश पहुंचाया जा सके।
30 मिनट में दिखाई जाएंगी ‘अनकही कहानियां’
नुक्कड़ नाटकों को सरल और भावनात्मक शैली में तैयार किया गया है। इनमें सेवा कार्यों से जुड़े प्रसंग और देश में हुए बदलावों की कहानियों को नाट्य रूपांतरण के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा।
आयोजकों के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य मनोरंजन के साथ लोगों तक सेवा, सुशासन और जनभागीदारी से जुड़े संदेश पहुंचाना है। 19 सितंबर से शुरू होने वाला यह अभियान 5 अक्टूबर तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित किया जाएगा।





















