रोहिणी जिले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जुआ, अवैध शराब, हथियार और गांजा के साथ 40 से अधिक आरोपी गिरफ्तार
विशेष अभियान में 17 आर्म्स एक्ट, 10 एक्साइज एक्ट, 5 जुआ और 2 एनडीपीएस के मामले दर्ज; भारी मात्रा में अवैध शराब, हथियार और 9.3 किलो गांजा बरामद
नई दिल्ली, 12 मार्च।
दिल्ली में संगठित अपराध और सड़क अपराधों पर लगाम लगाने के लिए रोहिणी जिला पुलिस ने 11 और 12 मार्च की मध्य रात्रि के दौरान विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत जुआ, अवैध शराब, हथियारों की तस्करी और मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार इस विशेष अभियान में कुल 5 जुआ अधिनियम के मामले दर्ज कर 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 16,890 रुपये की जुआ राशि बरामद की गई।

इसके अलावा एक्साइज एक्ट के तहत 10 मामले दर्ज कर 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से 84 बोतल, 2232 क्वार्टर अवैध शराब और 3 स्कूटी बरामद की गई। इनमें से 6 आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रह चुके हैं।
अभियान के दौरान आर्म्स एक्ट के तहत 17 मामले दर्ज कर 17 अपराधियों को अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से 10 चाकू, 7 देसी पिस्टल और 8 जिंदा कारतूस बरामद किए। गिरफ्तार आरोपियों में से 14 पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं।
मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत 2 मामले दर्ज कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा गया। पुलिस ने इनके पास से 9.3 किलोग्राम गांजा बरामद किया।
पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए लोगों में से 15 आरोपी हिस्ट्रीशीटर हैं, जबकि एक घोषित अपराधी (PO) को भी गिरफ्तार किया गया है।
डीसीपी रोहिणी शशांक जैसवाल (आईपीएस) ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री के निर्देश पर दिल्ली में गैंग और संगठित अपराधों पर सख्त कार्रवाई के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान व्यापक पेट्रोलिंग, अपराधियों का सत्यापन और जमानत पर बाहर आए अपराधियों की निगरानी की गई।
इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने के आरोप में 29 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई, वहीं बीएनएसएस और दिल्ली पुलिस एक्ट के तहत 604 लोगों पर एहतियाती कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी अपराध और अपराधियों के खिलाफ इसी तरह के विशेष अभियान जारी रहेंगे ताकि राजधानी में कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।





















