योगेश कुमार सोनी, पूर्वी दिल्ली। कांवड़ यात्रा के मद्देनज़र राजधानी में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को ट्रैफिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने गाजीपुर टेल्को प्वाइंट से चिंतामणि चौक तक कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण में जोन-1 की अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) विजयंता आर्य तथा विशेष पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) मनीष अग्रवाल शामिल रहे। अधिकारियों ने उन स्थानों का भी निरीक्षण किया जहां बड़ी संख्या में कांवड़ यात्रियों के पहुंचने की संभावना है। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि कांवड़ियों की आवाजाही सुरक्षित और सुचारु बनी रहे तथा आम नागरिकों को यातायात संबंधी असुविधा कम से कम हो।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कांवड़ यात्रियों से अपील की है कि वे केवल निर्धारित कांवड़ मार्ग का ही उपयोग करें और दिल्ली-देहरादून जैसे हाई-स्पीड हाईवे पर यात्रा करने से बचें।
साथ ही आम नागरिकों और वाहन चालकों से भी अनुरोध किया गया है कि 9 से 12 अगस्त के बीच अप्सरा बॉर्डर की ओर जाने से बचें तथा आवश्यकता होने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
‘सभी टीमें पूरी तरह तैयार हैं’ : विशेष पुलिस आयुक्त
विशेष पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) मनीष अग्रवाल ने कहा,
मनीष अग्रवाल विशेष पुलिस आयुक्त, (ट्रैफिक)
“हमने पूरे कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर लिया है और सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हमारी सभी टीमें पूरी सक्रियता के साथ तैनात रहेंगी। भारी वाहनों के चालकों से अपील है कि 9 से 12 अगस्त तक निर्धारित रूट का ही पालन करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।”
डीसीपी ट्रैफिक ने नियमों के पालन की अपील की
डीसीपी ट्रैफिक (ईस्टर्न रेंज) के. रमेश ने कहा,
के.रमेश डीसीपी ट्रैफिक (ईस्टर्न रेंज)
“कांवड़ यात्रा को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी गई है। सभी कमर्शियल वाहन चालक निर्धारित नियमों का पालन करें। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा बनाई गई रणनीति का उद्देश्य कांवड़ यात्रियों और आम वाहन चालकों दोनों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात उपलब्ध कराना है।”
उत्तर प्रदेश सीमा से प्रवेश को लेकर विशेष व्यवस्था
एसीपी (ईस्टर्न रेंज) अमरीक राज ने बताया,
अमरीक राज एसीपी(ईस्टर्न रेंज)
“पूर्वी दिल्ली का क्षेत्र उत्तर प्रदेश की सीमा से जुड़ा होने के कारण बड़ी संख्या में कांवड़ियों का प्रवेश इसी मार्ग से होता है। इसे ध्यान में रखते हुए विस्तृत रोडमैप तैयार किया गया है और हमारी टीमें ग्राउंड लेवल पर लगातार तैनात रहकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखेंगी।”
This website uses cookies. By continuing to use this website you are giving consent to cookies being used. Visit our Privacy and Cookie Policy. I Agree