रामानुजगंज: शहर के वार्ड 15 निवासी हिमांशी गुप्ता ने UGC NET की परीक्षा में 97 प्रतिशत अंक हासिल कर परिवार के साथ ही जिले का नाम रोशन किया है. हिमांशी ने अपनी पढाई का खर्च उठाने के लिए ट्यूशन भी पढाती हैं साथ ही अपने घर की जिम्मेदारी उठाते हुए घर के कामकाज में भी अपनी मां का हाथ बंटाती हैं.
सफलता के लिए खुद पर भरोसा जरूरी
हिमांशी गुप्ता ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि उन्हें अपने कॉलेज की शिक्षिकाओं को देखकर लगा कि उन्हें भी UGC NET में सफलता हासिल करनी है. आगे हिमांशी ने कहा कि, मैं सभी विद्यार्थियों से यही कहना चाहती हूं जो किसी भी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं तो पढाई में निरंतरता (कंसिस्टेंसी) बनाए रखें और खुद पर भरोसा रखना बहुत जरूरी है.
मैंने बीते जनवरी में हिंदी लिटरेचर में UGC NET का एग्जाम दिया था. मैंने 97 प्रतिशत अंक के साथ यह परीक्षा उत्तीर्ण की है. मेरे पूरे सफर में सबसे बड़ा योगदान मेरे माता पिता का रहा. साथ ही मेरे कॉलेज के गुरूजन और स्कूल के गुरूजन सभी का मार्गदर्शन रहा.- हिमांशी गुप्ता
UGC NET में सफलता पर बेटी सम्मानित
रामानुजगंज की बेटी की इस उपलब्धि पर पूरे शहर को गर्व है. हिमांशी को क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कई लोग भविष्य में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दे रहे हैं. इसके साथ ही रामानुजगंज का गौरव बढ़ाने के लिए उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया जा रहा है.
हिमांशी को किया गया सम्मानित
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के बाद शहर के समाजसेवी संस्था जनचेतना कल्याण मंच और विवेकानंद स्टडी सर्कल के द्वारा हिमांशी गुप्ता के घर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया गया. इस दौरान हिमांशी के माता-पिता सुनील गुप्ता और ज्योति गुप्ता सहित परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे.


























