मुंबई। इस्राइल के महावाणिज्यदूत (मध्य पश्चिम भारत) याविन रेवाच ने फ्लाईदुबई उड़ान से जुड़े घटनाक्रम में कैप्टन स्मित की बहादुरी की सराहना की है। उन्होंने बताया कि मुंबई में कैप्टन स्मित के साहस को सम्मान देने के लिए अलग-अलग स्थानों पर बिलबोर्ड लगाए गए हैं।
याविन रेवाच ने कहा कि गंभीर चोटों के बावजूद कैप्टन स्मित ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में मदद की, जिससे विमान में मौजूद इस्राइली यात्रियों को अंदर पहुंचकर स्थिति संभालने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि कैप्टन की भूमिका ने कथित हाईजैक की कोशिश को नाकाम करने में मदद की।
मुंबई में बिलबोर्ड के जरिए जताया आभार
इस्राइली महावाणिज्यदूत ने कहा कि इस्राइल सरकार और वहां के लोगों की ओर से कैप्टन स्मित की बहादुरी के लिए धन्यवाद देना और उन्हें सम्मानित करना महत्वपूर्ण था। इसी उद्देश्य से मुंबई में अलग-अलग जगहों पर बड़े बिलबोर्ड लगाए गए हैं।
रेवाच के मुताबिक, यह अभियान कैप्टन स्मित के साहस के प्रति सार्वजनिक रूप से आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।
गंभीर चोटों के बावजूद खोला कॉकपिट का दरवाजा
रेवाच ने बताया कि घटना के दौरान कैप्टन स्मित के हाथ और गर्दन पर गंभीर चोटें आई थीं। इसके बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में मदद की, जिसके बाद विमान में मौजूद इस्राइली यात्रियों को अंदर पहुंचने और कथित हमलावर को काबू करने का मौका मिला।
इस्राइली महावाणिज्यदूत ने कैप्टन स्मित की बहादुरी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके विचार से उन्हें उनकी भूमिका और साहस के लिए सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिया जाना चाहिए।
रेवाच ने कहा कि बिलबोर्ड अभियान के जरिए इस्राइल की ओर से कैप्टन स्मित के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया जा रहा है।



















