योगेश कुमार सोनी, (शाहदरा)। दिल्ली पुलिस के शाहदरा जिले की एमएस पार्क थाना पुलिस और एएटीएस (AATS) सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक कथित शातिर स्नैचर एवं लुटेरे नाज़िम खान उर्फ राशिद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ स्नैचिंग, चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और हत्या सहित 19 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस का दावा है कि आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही सोने की चेन झपटमारी का एक मामला भी सुलझा लिया गया है। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (DL8SCV0667), हेलमेट, चश्मा और जूते बरामद किए गए हैं।
11 जून को दर्ज हुई थी चेन स्नैचिंग की शिकायत
पुलिस के अनुसार, 11 जून 2026 को एमएस पार्क थाना क्षेत्र निवासी कंचन शर्मा ने अपनी सोने की चेन झपटे जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में थाना एमएस पार्क में एफआईआर संख्या 182/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
80 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली
मामले की जांच के लिए एसएचओ इंस्पेक्टर राजेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में, एसीपी सीमापुरी मुकेश कुमार की निगरानी तथा डीसीपी शाहदरा राजेंद्र प्रसाद मीणा के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे 80 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीकी जांच के आधार पर वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल का नंबर DL8SCV0667 चिन्हित किया गया। वाहन की खरीद-बिक्री की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस आरोपी तक पहुंची।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नाथू चौक, 100 फुटा रोड के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित रूप से चेन स्नैचिंग की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए चेन झपटकर चोरी का सामान कम कीमत पर बेच देता था।
19 आपराधिक मामलों का है आरोपी
पुलिस के मुताबिक, 41 वर्षीय नाज़िम खान उर्फ राशिद, निवासी बुद्ध नगर, अल्वी नगर, लोनी (गाजियाबाद) के खिलाफ पहले से 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें स्नैचिंग, चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और हत्या जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों तथा संभावित अन्य वारदातों के संबंध में भी जांच कर रही है।
डीसीपी व एसीपी साहब के संरक्षण में हमने इस चोर को संयुक्त टीम बनाकर पकड़ा। ऐसे चोरों के लिए हमारे पास विशेष रुप से व्यवस्था रहती है। चोर अपडेट होना चाहते हैं लेकिन पुलिस के समक्ष उनकी होशियारी रखी रह जाती है।


राजेश कुमार मिश्रा
थानाध्यक्ष(मानसरोवर पार्क)
मेरे एरिया में किसी चोर की सक्रियता बर्दाश्त नहीं होगी। शातिर चोरों व बदमाशों के लिए मेरे पास एक्सपर्ट टीम है।चोर कितना भी शातिर हो,अंत में पकड़ा ही जाता है।


आरपी मीणा
डीसीपी(शाहदरा)


























