पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में कर्मा पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान गंगा नदी में कई हादसे हो गए। बाढ़, अथमलगोला और बख्तियारपुर थाना क्षेत्रों में अलग-अलग घटनाओं में कुल 11 लोगों के डूबने की सूचना है। इनमें चार लोगों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि एक युवक का शव बरामद किया गया है। छह लोगों की तलाश अब भी जारी है।
घटनाओं की सूचना मिलने के बाद स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ की टीम को भी जानकारी दी गई। अलग-अलग स्थानों पर रेस्क्यू अभियान चलाकर लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
बाढ़ में स्नान के दौरान दो युवक गंगा में डूबे
बाढ़ थाना क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस घाट पर कर्मा-धर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जन के बाद गंगा में स्नान करने के दौरान तीन युवक डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने एक युवक को सुरक्षित बचा लिया, जबकि दो युवक गंगा में लापता हो गए।
लापता युवकों की पहचान गुलाबबाग नया टोला निवासी पीयूष कुमार (10), पिता प्रेम पंडित और सुजीत कुमार (15), पिता बबलू चौधरी के रूप में हुई है।
पीयूष की मां पूजा देवी के मुताबिक, उन्होंने अपने बेटे को मूर्ति विसर्जन के लिए भेजा था। उसके पिता भी कुछ देर बाद गंगा घाट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीयूष का एक दोस्त भी वहां पहुंच गया।
मूर्ति विसर्जन के बाद दोस्त ने पीयूष और अन्य युवकों से गंगा में स्नान करने के लिए कहा। सभी युवक नदी में उतर गए। इसी दौरान तीन युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने एक युवक को बचा लिया, लेकिन पीयूष और सुजीत का पता नहीं चल सका।
बाढ़ की अंचलाधिकारी रानी कुमारी ने बताया कि दो युवकों के गंगा में डूबने की सूचना मिली है। घटनास्थल पर रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। एसडीआरएफ को भी सूचना दी गई है और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश की जा रही है।
अथमलगोला में भाई-बहन गंगा में डूबे
अथमलगोला थाना क्षेत्र के उस्मानपुर वार्ड नंबर-9 में भी कर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान हादसा हो गया। यहां मूर्ति विसर्जन के दौरान भाई-बहन गंगा नदी में डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय गोताखोरों को तलाश में लगाया गया। अथमलगोला थाना अध्यक्ष राहुल कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एसडीआरएफ की टीम को भी सूचना दी गई है। दोनों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
बख्तियारपुर में छह युवक डूबे, तीन को बचाया गया
बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के चंपापुर गांव के पास भी कर्मा-धर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान हादसा हुआ। यहां मूर्ति विसर्जन के लिए गंगा नदी में गए छह युवक डूबने लगे।
स्थानीय लोगों ने तुरंत रेस्क्यू कर तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि तीन युवक नदी में लापता हो गए। तलाशी अभियान के दौरान एक युवक का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दो युवकों की तलाश अभी जारी है।
मृतक की पहचान देदौर गांव के बबलू बगीचा निवासी साहिल कुमार के रूप में हुई है। वह रामेश्वर मोची का पुत्र था। वहीं, लापता युवकों की पहचान गोलू कुमार, पिता अनिल कुमार और बलवीर कुमार, पिता निर्मल मोची के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि बलवीर कुमार अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और लापता युवकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तीनों घटनाओं में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
कर्मा पूजा के विसर्जन के दौरान पटना के बाढ़ अनुमंडल में हुई इन घटनाओं के बाद प्रशासन और स्थानीय स्तर पर बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ की टीम भी लापता लोगों की तलाश में जुटी है। प्रशासन की ओर से नदी में उतरने के दौरान सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।





















