नई दिल्ली, सत्यम् लाइव संवाददाता | भारत मंडपम (प्रगति मैदान), नई दिल्ली में आयोजित 45वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF-2026) में उत्तर प्रदेश पैवेलियन का उत्तर प्रदेश शासन के मुख्य सचिव श्री शशि प्रकाश गोयल ने विधिवत उद्घाटन किया। 13 नवंबर से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में उत्तर प्रदेश ‘पार्टनर स्टेट’ (सहयोगी राज्य) के रूप में प्रतिभाग कर रहा है। इस वर्ष उत्तर प्रदेश पैवेलियन की मुख्य थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है।
इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री शशि प्रकाश गोयल ने कहा कि ‘विकास और विरासत’ की थीम उत्तर प्रदेश की सदियों पुरानी शिल्प विरासत के संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय उद्यमियों और एमएसएमई इकाइयों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला देश के विभिन्न राज्यों को अपनी विशिष्ट पहचान, औद्योगिक क्षमताओं, पारंपरिक उत्पादों और विकास उपलब्धियों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। उत्तर प्रदेश मंडप प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता, उद्यमशीलता और विकास की संभावनाओं का प्रभावशाली प्रतिनिधित्व कर रहा है।
मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास, निवेश, निर्यात संवर्धन और रोजगार सृजन के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। प्रदेश सरकार स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने, पारंपरिक कारीगरों एवं उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराने तथा प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है।

ओडीओपी उत्पादों और पारंपरिक हस्तशिल्प को मिला विशेष महत्व
उत्तर प्रदेश पैवेलियन में ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ (ODOP) योजना के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न जनपदों के विशिष्ट उत्पादों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। इनमें भदोही के कालीन, मुरादाबाद के पीतल उत्पाद, कन्नौज का इत्र, बनारसी सिल्क, चिकनकारी, लकड़ी के हस्तशिल्प और अन्य पारंपरिक उत्पाद प्रमुख हैं।
मुख्य सचिव ने कहा कि ओडीओपी योजना प्रदेश के स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों, बुनकरों और लघु उद्यमियों को नई पहचान प्रदान कर रही है। अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले जैसे आयोजन उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने और निर्यात की संभावनाओं को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकसित हो रहा औद्योगिक आधारभूत ढांचा, बेहतर कनेक्टिविटी, एक्सप्रेस-वे, औद्योगिक कॉरिडोर और निवेश अनुकूल वातावरण प्रदेश को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित कर रहा है।
अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला प्रदेश के उद्यमियों, निवेशकों और व्यापारिक प्रतिनिधियों के बीच संवाद एवं सहयोग को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे प्रदेश के उत्पादों को नए बाजारों तक पहुंचाने और व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने में सहायता मिलेगी।
प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और विकास उपलब्धियों का आकर्षक प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश मंडप में प्रदेश की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन स्थलों, पारंपरिक कला, शिल्प और आधुनिक विकास की उपलब्धियों को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया गया है। मंडप में आने वाले आगंतुक उत्तर प्रदेश की विविधता, परंपराओं और विकास यात्रा से परिचित हो सकेंगे।

‘एक जनपद-एक व्यंजन’ (ODOC) पहल से पारंपरिक खान-पान को मिलेगी पहचान
मुख्य सचिव श्री शशि प्रकाश गोयल ने ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ (ODOC) पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक खान-पान प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। प्रदेश के प्रत्येक जनपद का अपना विशेष व्यंजन, स्वाद और पाक परंपरा है। इन्हें राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से यह पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ के माध्यम से स्थानीय पारंपरिक व्यंजनों को प्रोत्साहन मिलेगा। इससे जुड़े कारीगरों, छोटे उद्यमियों, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों और स्थानीय कारोबारियों को नए अवसर प्राप्त होंगे। इसके माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों में स्वाद के साथ-साथ संस्कृति, परंपरा और स्थानीय पहचान भी समाहित है। इस पहल के माध्यम से इन व्यंजनों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, विपणन और निर्यात की संभावनाओं को विकसित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद की विशिष्ट खाद्य पहचान को एक ब्रांड के रूप में स्थापित किया जाए, जिससे स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध हो सके और उत्तर प्रदेश के पारंपरिक व्यंजन देश-विदेश में लोकप्रिय बनें।
मुख्य सचिव ने हस्तशिल्पियों और उद्यमियों से किया संवाद
मुख्य सचिव श्री शशि प्रकाश गोयल ने आयुक्त एवं निदेशक उद्योग तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उत्तर प्रदेश पैवेलियन का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए हस्तशिल्पियों, बुनकरों, एमएसएमई उद्यमियों और खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के प्रतिनिधियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर आयुक्त एवं निदेशक उद्योग श्री के. विजयेन्द्र पांडियन, अपर आयुक्त उद्योग एवं प्रबंध निदेशक लघु उद्योग निगम श्री रोहित आनंद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

उत्तर प्रदेश पैवेलियन की प्रमुख विशेषताएं
विभिन्न जनपदों के 145 स्टॉल
उत्तर प्रदेश पैवेलियन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों के उत्कृष्ट उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए कुल 145 स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें वाराणसी, लखनऊ, कन्नौज, मुरादाबाद, भदोही, आगरा, मेरठ, अलीगढ़, आजमगढ़, सहारनपुर, झांसी और गौतमबुद्ध नगर सहित विभिन्न जनपदों के उत्पाद शामिल हैं।
पारंपरिक व्यंजन एवं कृषि उत्पाद (ODOC)
पैवेलियन में प्रदेश की विशिष्ट पाक कला और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों का भी प्रदर्शन किया गया है। इनमें आगरा का पेठा, कानपुर के ठग्गू के लड्डू, हाथरस की हींग व रबड़ी, मुजफ्फरनगर का गुड़, प्रतापगढ़ के आंवला उत्पाद, महोबा का देशावरी पान और औरैया का देसी घी प्रमुख रूप से शामिल हैं।
आयोजन: 45वां भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF-2026)
स्थान: भारत मंडपम (प्रगति मैदान), नई दिल्ली
आयोजन अवधि: 13 नवंबर से 27 नवंबर 2026
उत्तर प्रदेश की भूमिका: पार्टनर स्टेट (सहयोगी राज्य)
मुख्य थीम: विकास और विरासत






















