मशहूर पंजाब गायक और अभिनेता गिप्पी ग्रेवाल को जान से मारने की धमकी मिली है। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने पंजाबी सुपरस्टार गिप्पी ग्रेवाल को गैंगस्टर गोल्डी बराड़ से धमकी मिलने के बाद राज्य सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। सुखबीर बादल ने ट्वीट किया कि पंजाब में अब कोई भी सुरक्षित नहीं है क्योंकि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गिप्पी ग्रेवाल की सिक्योरिटी सिर्फ इसलिए वापस ले ली क्योंकि वह हाल ही में बादल से मिलने उनके गांव स्थित घर आए थे।
सुखबीर बादल ने आगे कहा कि सिक्योरिटी से जुड़े फैसले अब मुख्यमंत्री की निजी पसंद और मर्जी के हिसाब से लिए जा रहे हैं। अपने बयान में बादल ने सिद्धू मूसेवाला की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब पहले ही अपने एक बेहतरीन गायक को खो चुका है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री के सिक्योरिटी वापस लेने और मीडिया को जानकारी लीक करने के “खतरनाक फैसले” को जिम्मेदार ठहराया। सुखबीर बादल ने मुख्यमंत्री को सीधी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अब कोई भी अनहोनी होती है, तो इसके लिए सीधे तौर पर भगवंत मान जिम्मेदार होंगे।





















