सत्यम् लाइव, शामली ब्यूरो। मोहल्ला श्रीपाल विहार, शामली स्थित संजीव कश्यप के आवास पर अखिल भारतीय महर्षि कश्यप चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में कश्यप समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता श्री शेरसिंह लाल कश्यप (शामली) ने की, जबकि संचालन मा. नीतू कुमार कश्यप द्वारा किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए ट्रस्ट अध्यक्ष संजीव कश्यप ने उपस्थित सदस्यों को अवगत कराया कि भारतीय जनता पार्टी ने समाज के सम्मानित एवं सक्रिय कार्यकर्ता श्री रामजी लाल कश्यप को जनपद शामली का जिलाध्यक्ष नियुक्त कर समाज का गौरव बढ़ाया है। इस घोषणा पर उपस्थित सभी लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे समाज के लिए सम्मानजनक उपलब्धि बताया।
बैठक में सुनील प्रधान मुंडेट ने कहा कि इस प्रकार के निर्णय समाज में नेतृत्व क्षमता को सुदृढ़ करते हैं तथा नई ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री रामजी लाल कश्यप के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा समाज का मान-सम्मान बढ़ेगा।

वक्ता गणों ने एक स्वर में कहा कि पूरे समाज में खुशी का माहौल है और सभी लोग इस उपलब्धि को अपना सामूहिक सम्मान मान रहे हैं। बैठक में वक्ताओं ने समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर श्री कश्यप का स्वागत करें तथा संगठनात्मक कार्यों में सहयोग प्रदान करें।
इस अवसर पर विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों, क्षेत्रीय प्रतिनिधियों एवं समाज के प्रबुद्धजनों ने अपने विचार व्यक्त किए और नव-नियुक्त जिलाध्यक्ष को शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे और सभी ने एक-दूसरे को बधाई दी।

बैठक का समापन समाज की एकता, संगठन की मजबूती तथा जनसेवा के संकल्प के साथ किया गया।





















