रोहतक: देर शाम दिल्ली बाईपास पर एक प्राइवेट अस्पताल के बाहर दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर एक युवक की हत्या कर दी। बदमाशों ने लगभग 15 से 20 राउंड फायरिंग की है। घटना की सूचना पर पुलिस व एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। अभी तक यह नहीं पता चल पाया है कि हत्या के क्या कारण रहे। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई भिजवा दिया गया है।
रोहतक शहर के सबसे व्यस्ततम चौराहे दिल्ली बाईपास पर एक निजी अस्पताल के बाहर दो बदमाश स्कूटी पर सवार होकर आए और उन्होंने एक युवक पर 15 से 20 राउंड फायरिंग कर दी। जिसके चलते युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। युवक निजामपुर का रहने वाला दिनेश उर्फ गोगा बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम में व एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है।
मौके पर पहुंचे डीएसपी रवि खुंडिया ने बताया कि अभी तक यह नहीं पता चल पाया है कि हत्या की घटना को अंजाम देने वाले बदमाश कौन थे और इस हत्या के पीछे कारण क्या रहे हैं। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया जाएगा। मृतक युवक के बारे में भी जांच की जा रही है कि कहीं इसके खिलाफ भी कोई आपराधिक मामला दर्ज है या फिर कोई अन्य रंजिश हत्या का कारण हो सकती है।





















