रमेश चंद्रा, नैनीताल: नववर्ष के स्वागत को सरोवर नगरी तैयार है। उच्च स्तरीय होटलों में लाइव म्यूजिक व बॉलीवुड नाइट की थीम पर नववर्ष का रंग जमेगा। इधर होटल एसोसिएशन ने नगर की मालरोड को विद्युत लड़ियों से दुल्हन की तरह सजा दिया है। नववर्ष सेलिब्रेशन को सैलानियों का उमड़ना शुरू हो गया है।
नववर्ष मनाने को लेकर नैनीताल आकर्षण का केंद्र रहा है। करीब दो दशकों से यह प्रचलन चला आ रहा है । इस आयोजन में होटल कारोबारियों की बड़ी भूमिका रहती है, जो इस बार भी बरकरार है। नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने नगर की मालरोड को रंग बिरंगी विद्युत मालाओं से सजा दिया है और मंगलवार से संगीत की धुनों के साथ नगर संगीतमय नजर आएगा। सैलानियों को आकर्षित करने की मुहीम में नगर के उच्च स्तरीय होटल भी पीछे नहीं हैं। जिनमें रेडिसन ग्रुप का नमः नैनीताल, शेरवानी हिलटॉप, नैनी रिट्रीट व शिवराज होटल ग्रुप के नाम प्रमुखता से शामिल हैं। इनके अलावा भी कई अन्य होटलों में साल की विदाई के साथ नववर्ष की धूम रहेगी। इन होटलों ने दो रात्रि विशेष पैकेज तैयार किए हैं।
जिनमें अधिकांश एडवांस में बुक हो चुके हैं। पैकेज में लाइव म्यूजिक, डीजे और बॉलीवुड नाइट थीम पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जबकि बच्चों से लेकर वृद्धों तक मनोरंजन कार्यक्रम पैकेज में शामिल किए गए हैं। कुछ होटलों में कुमाऊनी लोक गीत व संगीत की धूम रहने वाली है।
गाला डिनर में दर्जनों प्रकार व्यंजन परोसे जाएंगे। नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने बताया कि पर्यटन को बढ़ावा देने को लेकर नववर्ष सेलिब्रेशन जैसे आयोजन महत्वपूर्ण होते हैं। जिसे लेकर होटल एसोसिएशन इस वर्ष भी बख़ूबी अपना दायित्व निभा रहा है।





















