अनिल सिंह चौहान, नई दिल्ली | नई दिल्ली के सीबीडी ग्राउंड, क्रॉस रिवर मॉल के सामने बालाजी रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित होने वाली 16वें वर्ष की भव्य रामलीला की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की लीला को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस रामलीला में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।

कमेटी के अनुसार, रामलीला के लिए करीब 25 हजार वर्गफुट क्षेत्र में विशाल पंडाल तैयार किया गया है, जिसमें लगभग 10 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
तीन ब्लॉक में बनाया गया पंडाल
दर्शकों को मंच का स्पष्ट दृश्य मिल सके, इसके लिए पंडाल को तीन ब्लॉकों में विभाजित किया गया है। दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन ब्लॉकों को चरणबद्ध तरीके से ऊंचा रखा गया है, ताकि पीछे बैठे दर्शकों को भी मंच दिखाई दे सके।
रामलीला के प्रमुख आकर्षणों में दशानन रावण का भव्य मंच प्रवेश शामिल रहेगा।
युवा पीढ़ी को जोड़ने के लिए झूलों की व्यवस्था
रामलीला परिसर में युवा पीढ़ी और बच्चों को आकर्षित करने के लिए विभिन्न मनोरंजन सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। परिसर में गगनचुंबी झूले और जीरो ग्रेविटी झूले लगाए जा रहे हैं।
आयोजकों का कहना है कि धार्मिक आयोजन के साथ मनोरंजन की सुविधाओं के माध्यम से युवाओं और परिवारों को भी रामलीला से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान
बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी गई है। परिसर में 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा दिल्ली पुलिस और निजी सुरक्षा गार्डों की तैनाती रहेगी।
भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित करने के लिए प्रवेश और निकास की अलग व्यवस्था की गई है।
दो प्रवेश द्वार और एक इमरजेंसी एग्जिट
आयोजकों के अनुसार, दर्शकों की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने के लिए दो प्रवेश द्वार और एक इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही दर्शकों के वाहनों के लिए अतिरिक्त पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।
कमेटी की ओर से रामलीला के दौरान सुरक्षा, दर्शकों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी करने की बात कही गई है।





















