नई दिल्ली | उत्तर प्रदेश सरकार के स्थानिक आयुक्त कार्यालय, नई दिल्ली के अपर स्थानिक आयुक्त श्री सौम्य श्रीवास्तव ने सभी पेंशनरों से डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए जीवन प्रमाण (Jeevan Pramaan) डिजिटल पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि नई दिल्ली स्थित उत्तर प्रदेश भवन में संचालित कोषागार पेंशनरों के लिए डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र (DLC) जमा करने की प्रक्रिया को सरल, सुगम और उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसके साथ ही पेंशनरों को इस प्रक्रिया में आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।
घर बैठे या देश के किसी भी कोने से जमा कर सकते हैं प्रमाण-पत्र
अपर स्थानिक आयुक्त श्री सौम्य श्रीवास्तव ने बताया कि अब पेंशनर घर बैठे अथवा देश के किसी भी कोने से मोबाइल ऐप या ऑनलाइन माध्यम के जरिए अपना डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा कर सकते हैं।
इस डिजिटल सुविधा के माध्यम से पेंशनरों को जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी।
बुजुर्ग पेंशनरों को मिलेगी अनावश्यक भागदौड़ से राहत
श्री श्रीवास्तव ने कहा कि डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र की सुविधा से विशेष रूप से बुजुर्ग पेंशनरों को काफी राहत मिलेगी। समय पर डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा होने से उन्हें पूरे वर्ष निर्बाध रूप से पेंशन प्राप्त होती रहेगी।
उन्होंने सभी पेंशनरों से इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही अन्य पेंशनरों को भी Jeevan Pramaan पोर्टल और डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र की सुविधा के उपयोग के प्रति जागरूक एवं प्रोत्साहित करने का आग्रह किया।






















