एशियन गेम्स 2026 में भारतीय निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत ने दो और पदक अपने नाम किए। हिमांशु ढिल्लन ने रजत, जबकि रुद्रांक्ष पाटिल ने कांस्य पदक जीता।
हिमांशु ढिल्लन ने फाइनल में 252.4 अंक हासिल कर दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं रुद्रांक्ष पाटिल 230.9 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे। चीन के शेन लिहाओ ने 254.2 अंक के साथ एशियन गेम्स रिकॉर्ड कायम करते हुए स्वर्ण पदक जीता।
शूटिंग में भारत के पांच पदक
इन दो पदकों के साथ एशियन गेम्स 2026 में भारत के शूटिंग अभियान में अब तक पांच पदक हो गए हैं। रुद्रांक्ष पाटिल और हिमांशु ढिल्लन इससे पहले पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भी भारत को रजत पदक दिला चुके हैं। टीम में उनके साथ पार्थ भी शामिल थे।
भारत ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भी रजत पदक जीता था। इसके अलावा इलावेनिल वलारिवान ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया।
शूटिंग में गोल्ड का इंतजार जारी
भारतीय निशानेबाजों ने अब तक एशियन गेम्स में लगातार पदक जीते हैं, लेकिन शूटिंग में स्वर्ण पदक का इंतजार अभी जारी है। भारत ने प्रतियोगिता में अब तक कोई गोल्ड मेडल नहीं जीता है।
रुद्रांक्ष पाटिल और हिमांशु ढिल्लन के पदक के साथ शूटिंग भारत के लिए एशियन गेम्स में पदक जुटाने वाले प्रमुख खेलों में शामिल हो गई है।





















