लुधियाना : महानगर में ऑनलाइन जुए और सट्टेबाजी के अवैध कारोबार के खिलाफ साइबर क्राइम पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा (IPS) के कड़े निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए साइबर सेल ने एक ऐसे शातिर आरोपी को दबोचा है जो ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) और टेलीग्राम के जरिए लोगों को बर्बाद करने वाला जुए का खेल चला रहा था।
पुलिस को यह कामयाबी सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी के दौरान मिली। बीते 3 फरवरी को ‘INDIANEWS9DigitalNewsChannel’ नामक अकाउंट से एक पोस्ट अपलोड की गई थी, जिसमें ऑनलाइन जुए के इस काले खेल का भंडाफोड़ किया गया। जांच के दौरान साइबर सेल को पता चला कि लुधियाना का रहने वाला शैलेश नामक व्यक्ति “Bigg Daddy Casino” नाम से एक ऑनलाइन गेमिंग और जुआ प्लेटफॉर्म संचालित कर रहा है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपने मोबाइल नंबरों और टेलीग्राम हैंडल @Shaileshdabng का इस्तेमाल कर मासूम लोगों को लालच देता था और उन्हें अपने ऑनलाइन जुआ ग्रुप में जुड़ने के लिए उकसाता था। इस डिजिटल अपराध की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी (इन्वेस्टिगेशन) हरपाल सिंह और एडीसीपी वैभव सहगल की देखरेख में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन ने तुरंत एक्शन लिया।
पुलिस ने आरोपी शैलेश के खिलाफ एफआईआर नंबर 11 दर्ज कर ली है। उस पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और जुआ एक्ट की धाराओं 13/3/67 के तहत कानूनी शिकंजा कसा गया है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि इस ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं और अब तक कितने लोगों की गाढ़ी कमाई इस जुए की भेंट चढ़ चुकी है।


























