करनाल : देर शाम अपना आशियाना आश्रम में नाबालिगा ने सौतेले पिता की हरकतों बारे बताकर हैरान कर दिया है। 14 वर्षीय किशोरी ने पिता पर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है। करीब 2 साल से पिता की हरकतों को सहन करने वाली लड़की ने अब पुलिस के समक्ष अपनी पीड़ा सुनाई है।
पीड़िता का कहना है कि करीब 8 साल पहले ही पिता की मौत हो चुकी है। इसके बाद 5 साल पहले मां इस व्यक्ति के साथ रहने लगी। आरोपी फूड डिलीवरी कम्पनी में काम करता है। सौतेला पिता बोला कि तुम बहुत अच्छी लगती हो और गलत संबंध बनाने की कोशिश की। विरोध करने पर टॉर्चर करता था। आशियाना आश्रम टीम की सदस्य अनु मदान का कहना है कि नाबालिगा देर शाम अचानक आश्रम में आई और आपबीती बताई। पिता की हरकतों बारे जब मां को बताया तो पिता को घर से बाहर निकाल दिया लेकिन कुछ ही समय बाद वह वापस घर आ गया।
इसके बाद आरोपी ने दोबारा से फिर उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। इस बार जब मां को इसके बारे में बताया तो वह उलटा उसे ही डांटने लगी। जांच अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि नाबालिगा ने सौतेले पिता पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। सूचना मिलने के बाद बाल कल्याण समिति की टीम भी मौके पर पहुंची थी। नाबालिगा के बयान दर्ज किए जारहे हैं। बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















