नई दिल्ली | प्रहरी मंच भारत की दिल्ली इकाई के तत्वावधान में रविवार, 16 अगस्त 2026 को ट्राइडेंट ऑफिसर्स मेस, दिल्ली कैंट में मासिक काव्य गोष्ठी ‘सावनोत्सव’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम आदरणीय नाज़ सर के सान्निध्य में, वैश्विक अध्यक्ष श्रीमती शालू गुप्ता की अध्यक्षता तथा वैश्विक सलाहकार श्री मुकेश गुप्ता और राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती पूनम तिवारी की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत पूर्वाह्न 11 बजे शारदे वंदना के साथ हुई। इसके बाद कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से सावन की हरियाली, प्रकृति और भावनाओं से सराबोर काव्य प्रस्तुतियां दीं। पूरे कार्यक्रम के दौरान साहित्य और कविता की रंगारंग फुहार से वातावरण आनंदमय बना रहा।


हरित परिधानों में नजर आए सदस्य
‘सावनोत्सव’ की विशेष थीम के अनुरूप सभी सदस्यों ने हरित परिधान धारण किए। पूर्ण रूप से हरित वेशभूषा में शामिल सदस्यों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद सभी सदस्यों ने सामूहिक फोटो खिंचवाई और राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम का औपचारिक समापन हुआ।
कार्यक्रम के बाद सैन्य मेस में सभी सदस्यों ने विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया। भोजनोपरांत शाम करीब 4 बजे सभी सदस्य अगले कार्यक्रम में पुनः मिलने के वादे के साथ विदा हुए।
आयोजन में दिल्ली इकाई की अहम भूमिका
कार्यक्रम के आयोजन, संयोजन और संचालन में दिल्ली इकाई की अध्यक्ष श्रीमती कुसुम लता ‘कुसुम’, उपाध्यक्ष कीर्ति रोहित गर्ग एवं महासचिव श्री मुकेश शर्मा ‘अनमोल’ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। व्यवस्था में सहयोग के लिए रमेश ‘सहरीयार’ की भी विशेष सराहना की गई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में दिल्ली इकाई के सक्रिय सदस्यों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजकों ने सभी सदस्यों और सहयोगियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
डॉ. ममता झा ‘रुद्रांशी’, राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रहरी मंच भारत ने दिल्ली इकाई के सभी सदस्यों को कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं एवं धन्यवाद दिया।
















