नई दिल्ली, 4 अगस्त 2025: भारत की प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र की इस्पात निर्माता कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने देश की रक्षा आत्मनिर्भरता को मजबूती प्रदान करते हुए भारतीय नौसेना के दो अत्यंत महत्वपूर्ण जहाजों – INS अजय और INS निस्तार के निर्माण हेतु विशेष ग्रेड स्टील की आपूर्ति की है।

INS अजय को गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड (GRSE) द्वारा निर्मित किया गया है और यह स्वदेशी एंटी-सबमरीन वारफेयर शैलो वाटर क्राफ्ट (ASW-SWC) परियोजना का आठवां और अंतिम पोत है। इस युद्धपोत के निर्माण में आवश्यक DMR ग्रेड स्टील प्लेट्स की पूरी आपूर्ति सेल द्वारा की गई, जिससे पोत को अधिक संरचनात्मक मजबूती और स्टील्थ क्षमताएं प्राप्त हुई हैं।
वहीं, INS निस्तार, जो हाल ही में हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड (HSL) द्वारा कमीशन किया गया, भारत का पहला स्वदेशी डाइविंग सपोर्ट वेसल (DSV) है। इस जहाज को पनडुब्बी बचाव मिशन, गहरे समुद्र में डाइविंग ऑपरेशन और निरंतर समुद्री गश्त के लिए डिज़ाइन किया गया है। INS निस्तार के लिए भी सेल ने विशेष ग्रेड स्टील की आवश्यकता को पूर्ण रूप से पूरा किया है।
सेल की यह रणनीतिक इस्पात आपूर्ति देश की रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करती है और कंपनी की राष्ट्र रक्षा में सहभागिता को दर्शाती है। हर टन इस्पात के साथ, सेल भारतीय नौसेना की सामरिक शक्ति और विश्वसनीयता को मज़बूती प्रदान कर रहा है।














