नई दिल्ली, विवेक विहार 08 फरवरी 2026 : श्री हनुमान बालाजी मंदिर, विवेक विहार में रविवार को 61वां रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। यह रक्तदान अभियान वर्ष 2001 में प्रारंभ किया गया था। शुरुआती वर्षों में एक या दो शिविर आयोजित किए जाते थे, जबकि अब यह अभियान नियमित रूप से निरंतर आगे बढ़ रहा है।


‘सनातनी विनोद बिंदल’ ने बताया कि वर्ष 2001 में जब मंदिर निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ, तभी यह विचार आया कि भगवान की सेवा के साथ-साथ मानव सेवा भी आवश्यक है। रक्त ऐसा जीवनदायी तत्व है, जिसे कृत्रिम रूप से नहीं बनाया जा सकता और इसकी पूर्ति केवल रक्तदान से ही संभव है। इसी भावना के साथ मंदिर परिसर में रक्तदान शिविर लगाने की परंपरा शुरू की गई।


‘सनातनी विनोद बिंदल’ ने बताया कि मंदिर में होने वाला रक्तदान पूरी तरह स्वैच्छिक होता है। भक्तजन परिवार सहित आते हैं और पूरा वातावरण उत्सव जैसा रहता है। छोटे बच्चे भी उत्साह के साथ कार्यक्रम में शामिल होते हैं, जिससे उन्हें भविष्य में रक्तदान के लिए प्रेरणा मिलती है। एक व्यक्ति वर्ष में चार बार तक रक्तदान कर सकता है और ऐसा करना समाज के लिए लाभकारी है।


‘सनातनी विनोद बिंदल’ के अनुसार, एक यूनिट रक्त से प्लेटलेट्स, प्लाज्मा सहित कई घटक तैयार किए जाते हैं, जिनका उपयोग मरीजों की आवश्यकता के अनुसार विभिन्न अस्पतालों में किया जाता है। इस प्रकार यह रक्तदान शिविर न केवल सेवा का माध्यम है, बल्कि समाज के लिए जीवनरक्षक योगदान भी है।


























