योगेश कुमार सोनी, पूर्वी दिल्ली। राजधानी में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के नंद नगरी ट्रैफिक सर्किल ने शुक्रवार, 24 जुलाई 2026 को नाथू कॉलोनी चौक पर ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध पार्किंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाना तथा सड़कों पर यातायात को सुचारु बनाए रखना था।
93 वाहनों के खिलाफ हुई कार्रवाई
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, अभियान में एक ट्रैफिक इंस्पेक्टर, दो जोनल अधिकारी (ZO), चार पुलिसकर्मी तथा क्रेन स्टाफ सहित कुल 9 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
कार्रवाई के दौरान—
- 50 ई-चालान अवैध पार्किंग के मामलों में जारी किए गए।
- 40 VOCA चालान विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर किए गए।
- 3 ई-रिक्शा जब्त (Impound) किए गए।
इस प्रकार कुल 93 वाहनों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की गई।
यातायात नियमों के पालन की अपील
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ई-रिक्शा चालकों से अपील की है कि वे केवल निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़ा करें, यातायात नियमों का पालन करें और सड़कों पर अनुशासन बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यातायात उपलब्ध हो सके।
‘अब केवल चालान नहीं, वाहन भी होंगे जब्त’ : टीआई विकास पंवार


नंद नगरी ट्रैफिक सर्कल के ट्रैफिक इंस्पेक्टर (TI) विकास पंवार ने कहा,
“कोई भी वाहन फ्लाईओवर के नीचे या सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से खड़ा न करें। कुछ लोगों ने सरकारी जगह को अपनी निजी पार्किंग बना लिया है। फिलहाल कार्रवाई के तहत चालान किए गए हैं, लेकिन भविष्य में यदि कोई वाहन नियमों का उल्लंघन करते हुए खड़ा मिला तो उसे सीधे जब्त किया जाएगा।”
उन्होंने कहा कि ऐसे विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे और यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
















