नई दिल्ली, 6 अक्टूबर 2025: भारत की महारत्न कंपनी और प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र की इस्पात निर्माता स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने एक बार फिर ‘आत्मनिर्भर भारत’ की दिशा में अपनी मजबूत भूमिका निभाई है। सेल ने भारतीय नौसेना के नए युद्धपोत आईएनएस आन्द्रोत के निर्माण के लिए आवश्यक विशेष ग्रेड के स्वदेशी स्टील की संपूर्ण आपूर्ति की है। यह युद्धपोत आज भारतीय नौसेना में औपचारिक रूप से शामिल किया गया।
आईएनएस आन्द्रोत, एंटी-सबमरीन वॉरफेयर शैलो वॉटर क्राफ्ट (ASW-SWC) श्रृंखला का दूसरा पोत है। इससे पहले इसी श्रृंखला का पहला पोत आईएनएस अर्नाला 18 जून 2025 को नौसेना में शामिल किया गया था।
सेल ने अपने भिलाई, बोकारो और राउरकेला इस्पात संयंत्रों से उच्च गुणवत्ता वाली एचआर शीट्स और प्लेट्स की आपूर्ति करते हुए, गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड (GRSE) द्वारा निर्मित आठ एएसडब्ल्यू-एसडब्ल्यूसी युद्धपोतों के लिए स्टील प्रदान किया है। इनमें आईएनएस अर्नाला और आईएनएस आन्द्रोत दोनों शामिल हैं।
आईएनएस आन्द्रोत का नौसेना में सम्मिलन न केवल भारत की समुद्री सुरक्षा क्षमताओं को मजबूत करता है, बल्कि यह देश की स्वदेशी रक्षा उत्पादन और तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम भी है।
सेल ने कहा कि वह भविष्य में भी भारत की रक्षा अवसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए स्वदेशी स्टील उत्पादन के माध्यम से अपनी भूमिका निभाती रहेगी।














