आगरा | संवाददाता: शरद शर्मा
प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी जनपद आगरा की पुलिस लाइन ग्राउंड में देश का 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य उपस्थित रहीं। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और उपस्थित अधिकारियों, जवानों एवं नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर आगरा पुलिस आयुक्त, अपर पुलिस महानिदेशक, जिलाधिकारी आगरा सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, वहीं आयोजन पूरी तरह अनुशासन और मर्यादा के साथ संपन्न हुआ।

गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान ट्रैफिक पुलिस, पीएसी तथा अन्य पुलिस इकाइयों के जवानों द्वारा भव्य सलामी परेड प्रस्तुत की गई। परेड के दौरान मंचासीन सभी गणमान्य अतिथियों को सशस्त्र सलामी दी गई, जिसे देख उपस्थित दर्शकों में गर्व और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम की विशेष आकर्षण जनपद के विभिन्न शैक्षिक संस्थानों और स्कूलों से आए बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। देशभक्ति गीतों, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों ने वहां मौजूद सभी लोगों का मन मोह लिया और देश के प्रति समर्पण की भावना को और मजबूत किया।
समारोह के अंत में मुख्य अतिथि द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों एवं प्रतिभागियों की सराहना की गई। पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और भव्य ढंग से संपन्न हुआ, जिसने आगरा में गणतंत्र दिवस की गरिमा को और ऊंचा किया।





















