सत्यम् लाइव, गाजियाबाद | सक्षम जनपद गाजियाबाद के तत्वावधान में आज राजेन्द्र नगर स्थित ओम साइंस स्पेशल स्कूल में रक्षाबंधन का पर्व विशेष रूप से दिव्यांग बच्चों के साथ उल्लासपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों द्वारा स्वयं राखियाँ बनाई गईं और रक्षाबंधन के महत्व को रोचक एवं भावनात्मक रूप में समझाया गया।

कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाते हुए सक्षम जनपद गाजियाबाद की जिला सचिव श्रीमती मंजू गुप्ता, सक्षम मेरठ प्रांत के प्रांत उपाध्यक्ष डॉ. वकील प्रसाद शाह, तथा ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की आदरणीय जया दीदी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहीं। अतिथियों ने बच्चों को आशीर्वाद दिया और उनके साथ समय बिताया।
इस आयोजन में विशेष रूप से मानसिक मंदता (Intellectual Disability), ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर (ASD), श्रवण बाधित (Hearing Impaired) जैसे विभिन्न प्रकार की दिव्यंगता से ग्रसित छात्र-छात्राएँ सम्मिलित रहे। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने राखी निर्माण, सांस्कृतिक गतिविधियाँ एवं समूह खेलों में भाग लिया और सामाजिकता एवं प्रेम का संदेश दिया।
अतिथियों ने अपने वक्तव्य में बताया कि ऐसे आयोजन न केवल दिव्यांग बच्चों को सामाजिक परिवेश से जोड़ते हैं, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी सशक्त करते हैं। रक्षाबंधन जैसे पर्व के माध्यम से बच्चों को भारतीय संस्कृति, आपसी प्रेम, भाईचारे और संरक्षण के मूल्यों से परिचित कराने का यह एक सराहनीय प्रयास रहा।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की भी सहभागिता रही। सभी ने मिलकर इस आयोजन को सफल एवं यादगार बनाया।
सक्षम जनपद गाजियाबाद का यह प्रयास दिव्यांगजनों की मुख्यधारा में भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।





















