सत्यम् लाइव, 9 जून, 2021, दिल्ली।। दिल्ली सरकार की तरफ से एक अभियान की शुरुआत की जा रही है, जिसमें घर-घर जाकर लोगों को वैक्सीन करवाई जायेगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने खुद इस अभियान के बारे कहा कि हम आज से ‘जहां वोट, वहां वैक्सीनेशन’ अभियान की शुरुआत कर रहे हैं इस अभियान की मदद से लोगों को बताया जाएगा कि जिस पोलिंग स्टेशन पर आपने वोट डाला था, वहीं वैक्सीन लगेगी, इसके लिए डोर-टू-डोर कैंपेन जल्द शुरू होगा। अगले 4 हफ्ते में दिल्ली में रहने वाले 45 साल के ऊपर के सभी लोगों को वैक्सीन लगा दी जाएगी।
यह अभियान 70 वार्ड में आज ही शुरू हो रहा है। बीएलओ की जिम्मेदारी होगी कि वह लोगों को वैक्सीन लगवाने के बारे में समझाए और उन्हें बूथ तक जाने के लिए प्रेरित करे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि आज से दिल्ली में कई गतिविधियां फिर से शुरू हो रही हैं। पर कोरोना से बचाव के सभी एहतियात पूरी तरह से बरतें- मास्क पहनें, सोशल डिस्टेंसिंग रखें और हाथ धोते रहें, बिल्कुल ढिलाई नहीं करनी। कोरोना संक्रमण से बचकर भी रहना है और अर्थव्यवस्था को फिर से पटरी पर भी लाना है।
सुनील शुक्ल














