सत्यम् लाइव, मेरठ | सक्षम मेरठ प्रांत एवं मेरठ जिला इकाई के संयुक्त तत्वावधान में आज दिनांक 08 अगस्त 2025 को मदन मोहन मूक बधिर विद्यालय, रेस कोर्स रोड, मेरठ में रक्षाबंधन का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास एवं भावनात्मक वातावरण में मनाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के मूक बधिर छात्र-छात्राओं द्वारा एक सुंदर एवं भावविभोर कर देने वाली रक्षाबंधन गीत पर सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ हुआ। बच्चों की इस प्रस्तुति ने उपस्थित सभी जनों को भावुक कर दिया और पूरे वातावरण में उत्साह का संचार हुआ।

इसके पश्चात विद्यालय की बालिकाओं द्वारा अपने भाई समान सहपाठी बालकों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा गया एवं उन्हें मिठाई खिलाई गई। इस अनोखी राखी रस्म में भावनाओं की गहराई स्पष्ट रूप से अनुभव की गई। इसी क्रम में विद्यालय की बालिकाओं ने सक्षम मेरठ प्रांत एवं जिला इकाई से पधारे समस्त पदाधिकारियों व अतिथियों को भी रक्षा सूत्र बांधे, जिससे वातावरण और भी आत्मीय एवं समर्पित हो गया।

कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि सभी छात्र-छात्राओं को मिठाई एवं एक-एक पेन उपहार स्वरूप प्रदान किए गए, जिससे बच्चों के चेहरों पर हर्ष और मुस्कान की रेखाएँ साफ झलक रही थीं।
इस अवसर पर सक्षम मेरठ प्रांत से
प्रांत उपाध्यक्ष श्री मुकेश रस्तोगी
प्रांत सहसचिव श्री रामकुमार एडवोकेट
दयानंद नगर के माननीय संघचालक श्री राजकुमार बंसल जी
श्री ओमप्रकाश सैनी जी
तथा सक्षम मेरठ जिला इकाई से
जिला अध्यक्ष श्री संजीव कुमार शर्मा जी
जिला सचिव श्री बृजेश कुमार सैनी जी
कार्यालय प्रमुख श्री त्रिलोक कुमार गुप्ता जी
श्री दुष्यंत शर्मा जी
वाणी अग्रवाल जी
विशेष रूप से उपस्थित रहे और बच्चों के साथ इस पावन पर्व को आत्मीयता से मनाया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या महोदया ने सक्षम संगठन के समस्त पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट किया एवं ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से दिव्यांगजनों के मनोबल एवं आत्मविश्वास में वृद्धि होने की बात कही।
कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल रक्षाबंधन के पर्व को मनाना था, बल्कि समाज में समानता, आत्मीयता, समर्पण एवं सामाजिक समावेशन की भावना को सुदृढ़ करना भी था।





















