नई दिल्ली: अक्षय कुमार अपनी फिल्म गोल्ड के जरिए दर्शकों में देश प्रेम की भावना को चर्म पर ले जाने की जुगत में हैं। गोल्ड का ट्रेलर जारी हो चुका है। इस फिल्म में अक्षय कुमार आजाद भारत की ओलंपिक में जीत का सपना संजोते नजर आ रहे हैं। ट्रेलर में अक्षय कुमार को एसिस्टेंट मैनेजर तपन दास की जिंदगी को बड़े पर्दे पर जीवंत करते हुए दिखाया गया है।
ट्रेलर में भारत के राष्ट्रीय खेल हॉकी के गोल्डन इरा को दिखाया गया है। तपन दास आजाद भारत का ओलंपिक में जीत हासिल करने का सपना देखता है, लेकिन ये सपना साकार होना उतना आसान नहीं होता है। ब्रिटिश फ्री इंडिया के बाद शुरू होता है इस शख्स का असल स्ट्रग्ल।
‘गोल्ड’ के जरिए देश के लिए पहला गोल्ड जीतने का सपना देखने वाली टीम की यात्रा दर्शकों को रोमांचित करेगी। वर्ष 1936 में शुरू हुई इस यात्रा को जीत मुकम्मल करने के लिए 12 साल का लंबा वक्त लगा था। मालूम हो कि, भारत ने 12 अगस्त 1948 में ओलंपिक के दौरान एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में अपना पहला स्वर्ण पदक जीता था। रीमा कागती के निर्देशन में बनी ये फिल्म ‘गोल्ड’ 15 अगस्त को रिलीज होने जा रही है।
आजादी से पहले के बैकड्रोप पर बेस्ड गोल्ड फिल्म में अक्षय कुमार के साथ नागिन सीरियल फेम एक्ट्रेस मौनी रॉय भी नजर आ रही हैं। ट्रेलर में मौनी को जितना स्क्रीन स्पेस मिला है वह उसमें दमदार दिखीं हैं। बंगाली एक्सेंट में उनका बात करना बनावटी नहीं बल्कि बिल्कुल नेचुरल नजर आ रहा है। ट्रेलर में अक्षय कुमार बेहद जंच रहे हैं।





















